सामना संवाददाता / पटना
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार के बेगूसराय में रविवार को हुई चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे तीखा वार किया। उन्होंने कहा, `मोदी की ५६ इंच की छाती खाली है, उसमें डर भरा है, दम नहीं। ५६ इंच की छाती वाला मोदी डरपोक है।’ सभा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, बेगूसराय से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि इंदिरा जी में बहुत हिम्मत थी। उन्होंने अमेरिका की धमकी की परवाह नहीं की, जो करना था वो करके दिखाया।’ उन्होंने आगे कहा, `मोदी जी में उतना भी दम नहीं है जितना इंदिरा गांधी में था। ट्रंप ने दो बार फोन किया और मोदी ने `ऑपरेशन सिंदूर’ रोक दिया। अब वो सिर्फ ट्रंप से नहीं, अडानी से भी डरते हैं।
‘मोदी वोट के लिए डांस भी करेंगे’
राहुल ने मंच से कहा, `मोदी जी चुनाव के दौरान हर वो चीज करेंगे, जो जनता कहेगी। अगर कहो योग करो, तो योग करेंगे। अगर कहो डांस करो, तो डांस करने लगेंगे। लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म होगा, वो जनता को भूलकर सिर्फ अडाणी के लिए काम करेंगे।’ उन्होंने कहा कि मोदी जी असली मुद्दों से युवाओं का ध्यान भटकाने के लिए उन्हें रील बनाने में लगा देते हैं।
