मुख्यपृष्ठखबरेंमूल भाजपाइयों, झंडा पकड़ने और दरी बिछाने को हो जाओ तैयार! ......

मूल भाजपाइयों, झंडा पकड़ने और दरी बिछाने को हो जाओ तैयार! … एनसीपी नेता ने चुनावी तैयारी को लेकर कसा तंज

सामना संवाददता / मुंबई

पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक दिलीप वलसे पाटील ने आगामी मनपा चुनाव की संभावित तारीखों का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में जिला परिषद, नगरपालिका के चुनाव ५ से ७ नवंबर के बीच हो सकते हैं। हालांकि, इस दौरान भाजपा की दुखती नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि अब चुनाव में भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं व नेताओं को दरी बिछाने का काम करना होगा। इसके लिए वे तैयार हो जाएं। झंडा पकड़ने से लेकर दरी बिछाने का जिम्मा भाजपा के मूल कार्यकर्ता व नेताओं पर होगा, जबकि मलाई खाने के लिए बाहर से आये नेताओं को मौका दिया जाएगा।
बता दें कि चुनाव आयोग ने आगामी मनपा चुनावों की तैयारी पूरी कर ली है, ऐसा दावा सूत्रों की ओर से किया जा रहा है। हालांकि, चुनाव का आधिकारिक कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है, जिसे देखते इच्छुक उम्मीदवारों ने तैयारी भी शुरू कर दी है। मीटिंग, दौरे और प्रचार जोरों पर हैं। ऐसे में महायुति के घटक दल हों या महाविकास आघाड़ी के, सभी दलों के नेताओं ने चुनावी मोर्चा खोल दिया है।
पुणे में उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार, जिला परिषद चुनाव का मतदान १५ दिसंबर को होगा। इस बीच मनपा चुनाव घोषित होंगे और १५ जनवरी को मतदान होगा। सबसे पहले नगर परिषदों के चुनाव होंगे, फिर क्रमश: जिला परिषद और महानगरपालिका चुनावों की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महायुति के घटक दलों में आपस मे नहीं बन रही है। इसलिए महायुति के घटक दलों को लेकर यह चर्चा जोरों पर है कि वे चुनाव स्वबल पर लड़ेंगे या गठबंधन में लड़ेंगे। संकेत ऐसे मिल रहे हैं कि मुंबई मनपा के चुनावों में महायुति एक साथ उतर सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर महायुति के घटक दल स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस दोनों की ही मजबूत उपस्थिति है। यदि यहां युति होती है, तो उसका चुनावी परिणामों पर प्रभाव निश्चित रूप से दिखेगा।

अन्य समाचार