सामना संवाददाता / कल्याण
डोंबिवली में पुलिस ने एक ऐसी अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया, जिसने वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। घटना 3 सितंबर 2025 को ठाकुर्ली-डोंबिवली-पूर्व के 50 फीट रोड पर स्थित एक सोसायटी के गेट के पास घटी, जहां बाइक सवार बदमाशों ने वृद्ध महिला की गले की चेन झपट ली और फरार हो गए। मामले में डोंबिवली पुलिस स्टेशन में अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे और सहायक पुलिस आयुक्त सुहास हेमाडे के आदेशानुसार दो विशेष टीमें गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 106 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान हुई, जो पुणे से चोरी की गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने सुनिल नगर डोंबिवली-पूर्व में जाल बिछाकर तीन आरोपियों अभय सुनिल गुप्ता (21), अभिषेक ओमप्रकाश जौहरी (32) और उर्फ प्रशांत अवधेश शुक्ला(27) सभी उत्तर प्रदेश निवासी को गिरफ्तार किया। तलाशी में पुलिस को एक देसी कट्टा चार जिंदा कारतूस और सोने के आभूषण बरामद हुए, जो डोंबिवली और मानपाड़ा पुलिस थानों में दर्ज मामलों से संबंधित पाए गए। पुलिस ने चोरी की बाइक भी जब्त की है और आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में डोंबिवली पुलिस की खोजी टीम ने अथक प्रयासों से इस अंतरराज्यीय गैंग को बेनकाब किया।
