उमेश गुप्ता / वाराणसी
काशी में देव दीपावली की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस देव दीपावली पर 25 लाख दीयों को जलाने की तैयारी है, इसको देखने के लिए 40 से ज्यादा देशों के लोग काशी पधार चुके है। इस दौरान कड़ी के लगभग सभी होटल,गेस्ट हाउस,पेइंग गेस्ट हाउस,होम स्टे,धर्मशाला आदि हाउसफुल हो चुके है। कुछ यही हाल गंगा में चलने वाले नावों और बजड़ो की है। 8 हजार वाला बजड़ा 3.60 लाख में मिल रहा।
काशी में 5 नवंबर को होने वाले 4 घंटे के मेगा शो को देखने के लिए घाट से सटे होटल में 1 रात का स्टे 1.5 लाख तक पहुंच गया है, ये लग्जरी रूम 2024 में 80 हजार रुपए में बुक हुए थे। गंगा नदी के किनारे आदि केशव घाट से संत रविदास घाट तक और वरुणा नदी के तट से लेकर मठों-मंदिरों तक कुल 25 लाख दीये जगमगाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली दीपावली ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर होगी। 3 नवंबर से लेजर शो के रिहर्सल शुरू हो गए हैं। PM मोदी देव दीपावली को ऑनलाइन देखेंगे, वो वर्चुअली नहीं जुड़ेंगे। CM योगी गंगा नदी में क्रूज पर बैठकर ये आयोजन देखेंगे। उनके साथ चीफ गेस्ट कौन होगा? ये एडमिनिस्ट्रेशन ने अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से 700 छोटे बजड़े बंद कर दिए हैं। इसकी वजह से बाकी नावों के बुकिंग रेट बढ़ चुके हैं। इन नावों को पूरे इवेंट के लिए बुक किया जा रहा है। ये इवेंट शाम 5.30 बजे से शुरू होकर 4 घंटे तक चलना है।देव दीपावली के लिए नाविकों ने भी खास इंतजाम किए हैं। नावों का नए सिरे से रंग रोगन हुआ है। LED लाइट से सजाया गया है, जो टूरिस्ट नाविकों से संपर्क करने आ रहे हैं, उन्हें घाटों के दीपोत्सव से लेकर आतिशबाजी और लेजर शो दिखाने का पूरा पैकेज बुक किया जा रहा है। नाविक नाव पर ही फ्री पानी और लंच देंगे, ताकि टूरिस्ट को परेशानी न हो। इस बार क्रूज में एक गाइड भी मौजूद रहेगा, जो काशी गंगा घाटों के बारे में टूरिस्ट को बताएगा। सभी को लाइफ जैकेट पहनाया जाएगा।नाविक टूरिस्ट को कुछ मेन घाट से ही बैठाएंगे। ये अस्सी घाट, पांडेय घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, रविदास घाट, तुलसी घाट, केदार घाट और नमो घाट है। 4 घंटे बाद जिस टूरिस्ट को जहां से बैठाया गया था, वहीं पर ड्राप किया जाएगा। नाव 3 जगह पर रुकेंगी।
कुल मिलाकर काशी देव दीपावली के एक दिन पूर्व ही हाउसफुल हो चुका है।वाराणसी में बड़े-छोटे करीब 500 होटल हैं। 450 गेस्ट हाउस, 250 लाउन्ज और 500 से ज्यादा पेइंग गेस्ट हैं। फिलहाल कहीं भी ठहरने की जगह नहीं है। इस बारे में टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता कहते हैं- देव दीपावली को देखते हुए लोगों ने पहले ही अपने ठहरने के लिए जगह रिजर्व कर ली है। ज्यादातर होटल 4, 5, 6 तारीखों में हाउस फुल हैं। जहां कमरे खाली भी हैं तो वहां रेट बहुत ज्यादा है।गंगा नदी के घाटों के करीब स्थित होटलों की बुकिंग सबसे हाई डिमांड में है। 2 से 5 सितारा होटलों का स्टे नार्मल दिनों से कई गुना महंगा हो चुका है। यहां कमरे 50 हजार रुपए से ज्यादा में बुक हुए हैं। वाराणसी में लग्जरी होटल नदेसर पैलेस और ब्रजरामा में 75 हजार रुपए में रूम बुक हुए हैं। 4 और 5 स्टार होटलों में कमरों के रेट 25 हजार रुपए तक हैं। 1 से 3 स्टार वाले होटल 10 हजार रुपए तक बुक हुए हैं। वहीं, सूइट पैकेज का किराया 1.5 लाख रुपए तक चला गया है। ज्यादातर बुकिंग 4 नवंबर की शाम से 5 नवंबर की सुबह हुई हैं। जहां कमरे बचे हैं, उनके टैरिफ आसमान छू रहे हैं। 800 रुपए में बुक होने वाला रूम अब 8-10 हजार रुपए में बुक हो रहा है।वाराणसी एडमिनिस्ट्रेशन देव दीपावली–2025 में 10 लाख दीये जलाएगा। सामाजिक संगठन और NGO मिलकर घाटों पर 11 लाख दीये सजाएंगे। इसके अलावा वरुणा तट, मठ-मंदिरों में 4 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस तरह से लगभग 25 लाख दीये देव दीपावली पर पूरी काशी में जलेंगे। यह दीये वाराणसी के साथ ही पूर्वांचल के कई जिलों के कुम्हारों से मंगवाए गए हैं।डमरू और शंखनाद से काशी कथा के थ्रीडी शो की शुरुआत होगी। शो में भगवान शिव-पार्वती विवाह का दृश्य, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड की कथा, भगवान बुद्ध के धर्मोपदेश, संत कबीर और गोस्वामी तुलसीदास की भक्ति परंपरा दिखेगी। आधुनिक युग में महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित बीएचयू की गौरवशाली यात्रा को दिखाया जाएगा। 25 मिनट के लेजर शो को लोग नावों पर बैठकर देख सकेंगे। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8 बजे से ग्रीन आतिशबाजी होगी
