-वजीरगंज में एनडीए सरकार पर राहुल गांधी का हल्लाबोल
सामना संवाददाता / पटना
`डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को संविधान दिया, जो हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार देता है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके वोटों की चोरी कर रहे हैं, जो संविधान पर हमला है। ऐसा गंभीर आरोप लगाते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। बिहार के वजीरगंज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला। सभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी और शाह बिहार में भी वोट चुराने की कोशिश करेंगे, लेकिन हमें उन्हें ऐसा करने से रोकना होगा। हमें डटकर खड़े रहकर संविधान की रक्षा करनी होगी। उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी करके जंगलराज थोप दिया है। महाराष्ट्र, हरियाणा और छत्तीसगढ़ की सरकारें चुराने के बाद, अब भाजपा बिहार की सरकार चुराना चाहती है। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि बिहार में `इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह सरकार हर वर्ग, हर जाति और हर धर्म का प्रतिनिधित्व करेगी। इस सरकार में महिलाएं, किसान, मजदूर और नौजवान यानी पूरे बिहार की जनता की आवाज होगी।
