मुख्यपृष्ठनए समाचारघुसपैठियों पर घमासान!..भाजपाइयों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी.. ‘भीतरी' और ‘बाहरी'...

घुसपैठियों पर घमासान!..भाजपाइयों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी.. ‘भीतरी’ और ‘बाहरी’ को लेकर पार्टी में शुरू हुई बहस

 सामना संवाददाता / खडकवासला

स्थानीय निकायों के चुनाव को देखते हुए भाजपा में अन्य दलों से आए लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। उसको लेकर मूल भाजपाईयों में बेचैनी बढ़ गई है। यह बेचैनी इस हद तक बढ़ गई है कि मूल भाजपाई घुसपैठियों के मुद्दे पर नाराज होकर पद से इस्तीफा देने लगे हैं। उल्हासनगर भाजपा की कोर कमेटी के पांच सदस्यों ने घुसपैठियों के कारण अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उसके बाद अब पुणे के ‘खडकवासला’ में कुछ भाजपा पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफे की सीधी चेतावनी देकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को खुली चुनौती दे दी है। पुणे भाजपा के पदाधिकारियों के सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता घुसपैठियों को लेकर ‘चिंतन’ करने पर मजबूर हो गए है।
बता दें कि मनपा चुनावों की पृष्ठभूमि में भाजपा ने विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा बैठकें शुरू कर दी हैं। इन बैठकों के माध्यम से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जा रहे हैं। खडकवासला विधानसभा क्षेत्र की बैठक विधायक भीमराव तपकीर की उपस्थिति में हुई। इसमें मूल भाजपा पदाधिकारियों ने मनपा चुनावों में पार्टी के वफादारों को उम्मीदवारी देने पर जोर दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर वफादारों को उम्मीदवारी नहीं दी गई तो सामूहिक इस्तीफे दिए जाएंगे, जिससे भाजपा में ‘भीतरी’ और ‘बाहरी’ होने की बात को लेकर बहस छिड़ गई है।
पुणे मनपा के लिए ‘मिशन १२५’
पिछले महीने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में पश्चिमी महाराष्ट्र के भाजपा पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक में पुणे मनपा के लिए ‘मिशन १२५’ तय किया गया। इसके अनुसार, पार्टी में मजबूती के लिए ‘प्रवेश द्वार’ खोल दिया गया है। इस बीच खडकवासला के पदाधिकारियों ने घुसपैठियों को लेकर खुली चुनौती दे दी है। इसलिए, शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता आने वाले दिनों में इस बहस के बढ़ने की संभावना से चिंतित हैं। खडकवासला के साथ अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी यही स्थिति उत्पन्न हो गई है, इसलिए भाजपा के वरिष्ठ नेता इस चिंगारी के और भड़कने की आशंका से चिंतित हैं।

अन्य समाचार