मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा के साथ किसी हाल में नहीं जाएंगे शरद पवार!.. राकांपा की...

भाजपा के साथ किसी हाल में नहीं जाएंगे शरद पवार!.. राकांपा की बैठक में दृढ़ संकल्प

सामना संवाददाता / मुंबई

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने एलान किया है कि कुछ भी हो जाए वे भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। कल दक्षिण मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर में राकांपा की बैठक थी। इस बैठक में शरद पवार ने आगामी स्थानीय निकायों के चुनावों को लेकर दृढ़ संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, शरद पवार ने कल हुई इस बैठक में भाजपा के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन न करने की बात कही है। इसके अलावा, स्थानीय निकायों के चुनावों में मूल ओबीसी उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने और अगर ऐसे उम्मीदवार उपलब्ध न हों तो कुणबी प्रमाणपत्र धारक उम्मीदवारों पर विचार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ओबीसी की भावनाओं को न पहुंचे ठेस!
दक्षिण मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर में कर राकांपा की बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी सुप्रीमो शरद पवार के अलावा पार्टी के सांसद, विधायक और पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में शरद पवार ने अपने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्थानीय निकायों के चुनावों में इस बात पर ध्यान देना है कि किसी भी तरह ओबीसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। इस बैठक में शरद पवार ने साफ कहा कि किसी भी परिस्थिति में भाजपा के साथ जाना नहीं है। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में जहां ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण होगा, वहां मूल ओबीसी प्रमाणपत्र धारक उम्मीदवारों को टिकट देने की बात कही गई है। अगर ऐसे उम्मीदवार उपलब्ध न हों तो कुणबी प्रमाणपत्र धारक उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है। पवार ने यह भी निर्देश दिया कि मूल ओबीसी समुदाय की भावनाओं को कहीं भी ठेस न पहुंचे इसका विशेष ध्यान रखा जाए। शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया था। पार्टी ने १० सीटों पर चुनाव लड़ा और उनमें से ८ सीटों पर जीत हासिल की। इसके बाद विधानसभा चुनावों में भी पार्टी ने १० सीटें जीतीं। अब पार्टी ने आगामी निकायों के चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है।

अन्य समाचार