मुख्यपृष्ठनए समाचारटीआर साहनी रोड व लोनी गोल चक्कर  पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष...

टीआर साहनी रोड व लोनी गोल चक्कर  पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष कार्रवाई…150 वाहनों के चालान

योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली

राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल द्वारा सोमवार, 21 जुलाई को टीआर साहनी रोड, टाटा मोटर्स शोरूम एवं जूडियो शोरूम के निकट लोनी गोल चक्कर क्षेत्र में गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, नो-पार्किंग क्षेत्र में पार्क किए गए वाहनों तथा यातायात प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 150 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि 17 वाहनों को क्रेन की सहायता से टो कर हटाया गया। इस कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात का प्रवाह पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु हो गया और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीआर साहनी रोड और लोनी गोल चक्कर पूर्वी दिल्ली के व्यस्ततम मार्गों में शामिल हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी वाहन, सार्वजनिक परिवहन, मालवाहक वाहन तथा पैदल यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में गलत पार्किंग और सड़क किनारे होने वाला अतिक्रमण अक्सर जाम और दुर्घटनाओं का कारण बनता है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ भविष्य में भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण न करें, अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़कों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखने में जनभागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

अन्य समाचार