मुख्यपृष्ठसमाचारबिहार के गयाजी में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने...

बिहार के गयाजी में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की ई-मेल से मिली धमकी

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के सबसे व्यस्त और गयाजी शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र गौतम बुद्ध मार्ग पर, दक्षिण बिहार की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी मंडी केदारनाथ मार्केट के समीप प्रधान डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। इस संबंध में सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे परिसर की सघन जांच की। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी समीर अहमद ने बताया कि पटना से प्राप्त सूचना के आधार पर गया के पासपोर्ट सेवा केंद्र का सत्यापन कराया गया। डॉग स्क्वायड और पुलिस टीम ने पूरे परिसर की जांच की, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखी गई है।
वहीं, वरीय प्रधान पोस्टमास्टर प्रणय कुमार झा ने बताया कि राजधानी पटना स्थित जीपीओ को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद पटना पुलिस ने जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या घटना की पुष्टि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में धमकी फर्जी पाई गई। इस संबंध में सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को अलर्ट कर दिया गया है।
वरीय प्रधान पोस्टमास्टर ने बताया कि एहतियात के तौर पर डाक विभाग के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को अलर्ट जारी किया गया है। इसी क्रम में गया स्थित केंद्र पर भी पुलिस से संपर्क कर सुरक्षा जांच कराई गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ई-मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा है।

अन्य समाचार