-दादा इस्तीफा दें वर्ना होगा आंदोलन…विपक्ष ने दी सरकार को चेतावनी
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय पार्थ पवार की जमीन डील को लेकर बड़ी हलचल मची हुई है। राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के पुत्र पार्थ पवार की कंपनी अमेडिया होल्डिंग्स पर यह गंभीर आरोप है कि उसने १,८०४ करोड़ रुपए बाजार मूल्य वाली जमीन मात्र ३०० करोड़ रुपए में खरीदी। खास बात यह है कि इस सौदे के केवल दो दिन बाद ही स्टांप ड्यूटी माफ करने का आदेश जारी किया गया, ऐसा खुलासा विपक्ष ने किया है। अब इस मामले पर ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने सनसनीखेज दावा किया है। लक्ष्मण हाके ने कहा कि इस पूरे मामले में अजीत पवार की अहम भूमिका है। बेटा १,८०० करोड़ रुपए की डील करता है और बाप को भनक तक नहीं लगती। यह तो आश्चर्य की बात है। इस मामले में अजीत पवार की निश्चित ही भूमिका है इसलिए मुख्यमंत्री को अजीत पवार का इस्तीफा लेना चाहिए। वर्ना हम अजीत पवार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे।
तेजवानी कैसे भाग गई?
हाके ने कहा कि अजीत पवार और पार्थ पवार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए, क्योंकि अजीत पवार ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। हमारी मांग है कि अजीत पवार और पार्थ पवार पर एफआईआर दर्ज हो। लक्ष्मण हाके ने कहा, ‘सवाल है कि शीतल तेजवानी विदेश कैसे भाग गई?’ उन्होंने दावा किया कि तेजवानी को हवाला के जरिए पैसे दिए गए हैं। उन्होंने अजीत पवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास अधिकारियों की एक टीम है, जो ऐसे काम करती है। अजीत पवार ने कई जमीनों के गैरकानूनी तरीके से सौदे किए हैं।
सरकार के साथ धोखाधड़ी
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने कहा कि तेजवानी ने सरकारी जमीन की फर्जी कागजात बनाकर उसकी बिक्री की है और सरकार के साथ धोखाधड़ी की है। इसलिए केवल निबंधक को निलंबित करने से बात नहीं बनेगी। जो मामला दर्ज किया गया है, वह अजीत पवार और पार्थ पवार को बचाने की साजिश है। पुणे का यह जमीन प्रकरण दादा के दबाव के चलते दबाया जा रहा है। दादा को अपने पद से इस्तीफा देना होगा अन्यथा कांग्रेस सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी।
