सामना संवाददाता / मुंबई
सोमवार, १७ नवंबर २०२५ को हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के स्मृति दिवस के अवसर पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की शिव वाहतुक सेना के उपाध्यक्ष साजिद सुपारीवाला ने शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मुलाकात की।
दरअसल, साजिद आने वाले मनपा चुनाव में जीत की दुआ करने के उद्देश्य से ख्वाजा गरीब नवाज दरबार, अजमेर शरीफ रवाना हो रहे हैं। इस मौके पर वे एक चादर लेकर पहुंचे थे, जिसे आदित्य ठाकरे सहित मौजूद सभी पदाधिकारियों ने सम्मानपूर्वक आंखों से लगाकर चूमा। आदित्य ठाकरे ने अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि मैं भी अजमेर शरीफ जा चुका हूं, हमारी यह प्रथा आगे भी जारी रहेगी। अब साजिद सुपारीवाला भी अजमेर जाकर पार्टी की जीत और सभी के कल्याण की दुआ मांगेंगे। इस दौरान कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिनमें विधान परिषद सदस्य सुनील शिंदे, पूर्व महापौर किशोरी ताई पेडणेकर, आशीष चेंबूरकर, सूरज चव्हाण सहित शिवसेना के अनेक पदाधिकारी शामिल थे।
