मुख्यपृष्ठनए समाचारसमंदर बनी मुंबई... ठप हुई रफ्तार!

समंदर बनी मुंबई… ठप हुई रफ्तार!

– सरकारी तैयारियों की खुली पोल

– छह लोगों की हुई मौत

-रेल, सड़क और हवाई सेवाएं चरमरार्इं

जेदवी / मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर बारिश के सामने बेबस नजर आई। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की रफ्तार थाम दी। सड़कें दरिया बन गर्इं, लोकल ट्रेनें धीमी पड़ गर्इं, उड़ानें प्रभावित हुर्इं और लाखों लोग घंटों तक घरों, स्टेशनों और ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक छह लोगों की मौतें हो चुकी हैं, जिसने एक बार फिर मानसून पूर्व तैयारियों के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले २४ घंटों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी है। ५० से ६० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं और हाई टाइड की आशंका ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। मुंबई शहर में लगभग ९९ मिमी और पश्चिमी उपनगरों में करीब ९८ मिमी बारिश दर्ज की गई। दहिसर, बोरीवली, मालाड, कांदिवली, गोरेगांव, अंधेरी, खार, सांताक्रुज और दादर सहित कई निचले इलाके पानी में डूब गए। दहिसर के जरी-मरी गार्डन रोड पर सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गर्इं, जबकि अंधेरी सबवे में तीन से पांच फीट तक पानी भरने से उसे वाहनों के लिए बंद करना पड़ा। हिंदमाता, दादर टीटी और मालाड सबवे में भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, भिवंडी, अंबरनाथ, बदलापुर, वसई-विरार, नालासोपारा, बोइसर और डहाणू में भी जलभराव ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित करना पड़ा। बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया।
बेबस नजर आई लाइफलाइन
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी बारिश के आगे बेबस दिखाई दी। सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें ट्रैक पर जलभराव और खराब दृश्यता के कारण २० से २५ मिनट की देरी से चलीं। वेस्टर्न रेलवे पर नालासोपारा-विरार के बीच पटरियों पर पानी भरने से ट्रेनों की गति धीमी पड़ गई। हार्बर और ट्रांस-हार्बर लाइनों पर मिट्टी कटाव के कारण कई स्थानों पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी या धीमी करनी पड़ी। विरार, बांद्रा, कुर्ला और ठाणे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और प्लेटफॉर्म खचाखच भर गए।

अन्य समाचार