मुख्यपृष्ठनए समाचारउद्धव ठाकरे की बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग को एनसीपी...

उद्धव ठाकरे की बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग को एनसीपी नेता सिराज मेहंदी ने किया समर्थन

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर मनपा चुनाव बैलट पेपर से कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि चुनाव की पारदर्शिता और मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए बैलट पेपर पर होने वाला मतदान ही सबसे सुरक्षित और विश्वसनीय तरीका है। ठाकरे ने सवाल किया कि जब सभी विपक्षी पार्टियां ईवीएम का लगातार विरोध कर रही हैं तो फिर सरकार को बैलट पेपर से चुनाव कराने में क्या परेशानी है? उद्धव ठाकरे के इस बयान का एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट के राष्ट्रीय नेता और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) (अल्पसंख्यक विभाग) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व विधान परिषद सदस्य सिराज मेहंदी ने समर्थन किया है। मेहंदी ने अपने नेता शरद पवार साहब से फोन करके उनसे अनुरोध किया है कि वो सभी सेकुलर दलों को एक मंच पर लाकर इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने के लिए बातचीत शुरू करें। मेहंदी का कहना है कि अगर आगामी मनपा और जिला परिषद चुनाव ईवीएम से कराने की कोशिश की गई, तो सभी सेकुलर पार्टियों को एकजुट होकर इन चुनावों का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि शरद पवार साहेब देश के सबसे अनुभवी और सर्वमान्य नेता हैं, इसलिए वर्तमान हालातों में उन्हें पहल करनी चाहिए, ताकि बैलट पेपर पर लौटने के रास्ते पर सहमति बन सके और लोकतंत्र पर जनता का भरोसा कायम रखा जा सके। इस बीच बिहार विधानसभा चुनाव के ताजा नतीजों ने विपक्षी दलों की चिंता और बढ़ा दी है। जो दल पहले से ईवीएम पर सवाल उठा रहे थे, वे अब दोबारा बैलट पेपर की मांग पर साथ आते दिख रहे हैं। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में ईवीएम बनाम बैलट पेपर की बहस एक बार फिर से गर्म हो गई है।

अन्य समाचार