दहिसर टोल प्लाजा के स्थानांतरण पर लगी रोक
द्रुप्ति झा
दहिसर टोल प्लाजा के स्थानांतरण पर रोक लगाई गई है क्योंकि प्रस्तावित स्थान वन भूमि में आता है और एनएचएआई ने नियमों के अनुसार, इसे मंजूरी नहीं दी है। महायुति सरकार की घोषणा के बावजूद, एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि प्रस्ताव नियमों के अनुरूप नहीं था और इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती। यात्रियों की समस्या अभी भी बनी हुई है और उन्हें भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है
अक्सर दहिसर टोल प्लाजा के पास हर दिन भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था, खास करके पीक आवर्स में। इसी समस्या के निदान के लिए इसे शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा गया। बताया जाता है कि अलग-अलग कारणों से इसमें देरी भी की गई। हालांकि, बाद में टोल नाका को ५० मीटर आगे शिफ्ट कर दिया गया फिर भी लोगों की समस्या दूर होती नजर नहीं आती। लोगों का कहना है कि इससे ट्रैफिक की समस्या का पूरा समाधान नहीं हुआ है।
फिर से शिफ्ट का झुनझुना
महायुति सरकार की घोषणाएं धरी की धरी रह गई हैं। महायुति सरकार ने एक बार फिर टोल प्लाजा के स्थानांतरण की घोषणा बड़े जोर-शोर से की, लेकिन चौंकाने वाली बात सामने आई है कि केंद्र सरकार के अधीन आने वाले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दहिसर टोल प्लाजा के स्थानांतरण पर ब्रेक लगा दिया है। इसलिए ऐसा लगता है कि महायुति सरकार की यह घोषणा भी एक झुनझुना साबित हुई है।
मुंबई का प्रवेश द्वार माने जाने वाले दहिसर टोल प्लाजा पर भारी ट्रैफिक जाम लगता है। इस वजह से मीरा-भायंदर, वसई-विरार और ठाणे जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में फंसा रहना पड़ता है। इसलिए दहिसर टोल प्लाजा को नायगांव के वर्सोवा ब्रिज के पास स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इसकी घोषणा की। सूत्र बताते हैं कि एमएसआरडीसी ने दहिसर टोल प्लाजा के स्थानांतरण का प्रस्ताव ठीक से नहीं भेजा है। इसलिए इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी जा सकती है।
वन विभाग ने भी जताई आपत्ति
जिस क्षेत्र में टोल प्लाजा को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है, वह वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि वन विभाग ने आपत्ति जताई है कि वन भूमि पर टोल प्लाजा नहीं बनाया जा सकता। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बड़ा हो हल्ला मचाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि दहिसर टोल प्लाजा को स्थानांतरित कर दिया गया है। हमने एक ऐतिहासिक पैâसला लागू किया है। इस पोस्ट के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके स्थानांतरण पर रोक लगाने की घोषणा की। दहिसर टोल प्लाजा को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव नियमों के अनुरूप नहीं था। इसलिए यह कहा गया कि टोल प्लाजा के स्थानांतरण को मंजूरी नहीं दी जा सकती।
