-अमेरिका से डिपोर्ट कर लाया गया दिल्ली
फिरोज खान / मुंबई
जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर दिल्ली लाया गया है। एनआईए ने उसे हिरासत में ले लिया है। खबर है कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में मुंबई पुलिस अनमोल का जल्द ही ताबा लेगी। इससे बाबा की हत्या के राज पर से पर्दा उठने की पूरी संभावना है।
बता दें कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की चार्जशीट में पुलिस ने अनमोल को मास्टर माइंड बताया है। ४,५९० पन्नों की चार्जशीट में २१० गवाहों के बयान लेने के बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने अनमोल बिश्नोई, जीशान अख्तर और शुभम लोनकर को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप लगाते हुए फरार बताया है। मुंबई पुलिस ने चार्जशीट में बाबा सिद्दीकी की हत्या की तीन वजहें भी बताई हैं। पहली सिद्दीकी का सलमान खान से अच्छे रिश्ते होना, दूसरी वजह मुंबई में दहशत पैâलाना और तीसरी वजह बिश्नोई गैंग का सदस्य अनुज थापा की पुलिस कस्टडी में मौत होना है। फिलहाल, एनआईए ने अनमोल को अपनी हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अनमोल की गिरफ्तारी के बाद एनआईए ने खुलासा किया कि अनमोल अपने भाई लॉरेंस और आतंकवादी गोल्डी बरार के साथ मिलकर काम करता था। एनआईए के एक प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि अनमोल के खिलाफ एनआईए ने मार्च २०२३ में आरोपपत्र दाखिल किया था। जब मामले की जांच में यह बात सामने आई थी कि उसने साल २०२० से २०२३ की अवधि के दौरान देश में विभिन्न आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने में घोषित आतंकवादी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई की सक्रिय रूप से मदद की। लॉरेंस गैंग लिए अनमोल अमेरिका से सिंडिकेट चला रहा था। बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए उसने अपने गुर्गों का इस्तेमाल किया।
जबरन वसूली में शामिल
अनमोल अन्य गैंगस्टरों की मदद से विदेशी धरती से भारत में जबरन वसूली में भी शामिल था। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड ही नहीं, अनमोल बिश्नोई अप्रैल २०२४ में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास पर हुई गोलीबारी से भी जुड़ा है। उस पर भारत में १८ आपराधिक मामले दर्ज हैं और कथित तौर पर पंजाबी रैपर और गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से भी उसका संबंध है।
