शिकायत करने आई गैंगरेप पीड़िता से ही घूस ले रही यूपी पुलिस
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक गैंगरेप पीड़ित महिला ने पुलिसवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जब वह गैंगरेप के आरोपियों की शिकायत करने के लिए थाने गई तो उससे एक पुलिसकर्मी ने ५० हजार रुपए लिए और दूसरे ने उसे एक होटल में बुलाया और दो दिनों तक उससे वहीं पर ५ बार दुष्कर्म किया। फिलहाल, इन दोनों सब-इंस्पेक्टरों को विभाग ने निलंबित कर दिया है।
महिला ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश सरकार के इंटीग्रेटेड ग्रीवैंस रिड्रेसल सिस्टम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए। महिला ने आरोप लगाया कि नवंबर में उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए एक शख्स से हुई। इसके बाद दोनों मिलने-जुलने लगे और दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई। एक दिन जब महिला उस युवक से मिलने गई तो शख्स ने उसे बंधक बना लिया और अपने ४ अन्य दोस्तों को भी बुला लिया। सभी ने उसका ४८ दिनों तक रेप किया और बंधक बनाए रखा।
शिकायत दर्ज करवाने गई तो मांगा फेवर
एक सब-इंस्पेक्टर ने उसे एक होटल में बुलाकर दो दिनों तक बंधक बनाकर बलात्कार किया, जबकि दूसरे ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के नाम पर ५० हजार रुपये वसूल लिए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति को थाने में हिरासत में रखकर झूठा मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी गई। हाल ही में दो बाइक सवार अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया, लेकिन अभी तक इसकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप
महिला ने युवकों पर धर्म परिवर्तन करवाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है उसे अलीगढ़, बुलंदशहर के कई अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दरिंदगी की गई। फिर, वह किसी तरह से उनके चंगुल से छूटकर भागी।
