मुख्यपृष्ठनए समाचारनवाब मलिक का फिर बन रहा है जेल योग! ...‘मनी लॉन्ड्रिंग’ मामले...

नवाब मलिक का फिर बन रहा है जेल योग! …‘मनी लॉन्ड्रिंग’ मामले में कोर्ट ने पाया दोषी

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई सत्र न्यायालय के विशेष एमएलए कोर्ट ने दादा गुट के नेता नवाब मलिक को बड़ा झटका दिया है। मलिक के खिलाफ कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है। ऐसे में एक बार फिर नवाब मलिक के जेल जाने का योग बन गया है।
बता दें कि पूर्व मंत्री और दादा गुट के नेता नवाब मलिक को २०२२ में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था। मलिक पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों के साथ पैसों के लेन-देन करने का आरोप लगाया गया था। तभी से वे जेल में थे। बाद में अगस्त २०२३ में वे शर्तों के साथ जमानत पर जेल से बाहर आए। तब से वे स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत पर जेल से बाहर हैं। लेकिन अब अदालत ने नवाब मलिक को झटका देते हुए उन्हें दोषी ठहराया है। अब मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले की अगली सुनवाई १९ दिसंबर को होगी। इसे लेकर अब सवाल उठने लगा है कि क्या वे फिर से जेल जाएंगे?
बता दें कि मलिक पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर, सलीम पटेल, १९९३ मुंबई ब्लास्ट के आरोपी सरदार खान के साथ मिलकर गोवावाला कंपाउंड में एक महिला की तीन एकड़ जमीन साजिश रचकर हड़पने का गंभीर आरोप है, जिससे बड़ी हलचल मच गई थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुंबई सत्र न्यायालय की विशेष अदालत में दो दिन पहले सुनवाई हुई थी। इस दौरान मलिक के वकील ने बताया कि हमने मुंबई हाई कोर्ट में ईडी से कुछ जरूरी दस्तावेज मांगे हैं। अब अदालत ने इस मामले में मलिक को दोषी ठहराया है। इसे मलिक के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

अन्य समाचार