सामना संवाददाता / मुंबई
माणिकराव कोकाटे के बाद महायुति सरकार के मंत्रिमंडल से एक और मंत्री की छुट्टी किए जाने का रास्ता बन रहा है। इस तरह का सनसनीखेज खुलासा शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल किया। मातोश्री निवास स्थान पर उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में मीरा-भायंदर भाजपा के महामंत्री संदीप तिवारी और अजीत पवार गुट के युवा अध्यक्ष आजाद पटेल ने अपने सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना में प्रवेश किया। उद्धव ठाकरे ने उन सभी का पक्ष में स्वागत करते हुए मार्गदर्शन किया।
सातारा में ड्रग्स मामले में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भाई का नाम सामने आया है। हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में शिंदे को क्लीन चिट दे दी है। उस पर उद्धव ठाकरे ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कल ही एक मंत्री का इस्तीफा हुआ है। एक और मंत्री की भी किसी भी समय छुट्टी हो सकती है, लेकिन अजीब बात यह है कि मुख्यमंत्री फडणवीस उसे दबाने की कोशिश कर रहे हैं, यह बहुत ही विचित्र है। राजनीति में लोगों की जरूरत होती है, लेकिन वे लोग वैâसे हैं? जैसे ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम ड्रग्स से जुड़ा है, वे ठाणे से हैं, दर्शकों से आवाज आई, ‘रिक्शा वाला…रिक्शा वाला और रिक्शा वाले का भाई…।’ इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि रिक्शा वाले के भाई को बचाने की कोशिश की जा रही है।
सबूत देने पर भी मुख्यमंत्री नहीं कर रहे हस्तक्षेप
विधानमंडल अधिवेशन में शिवसेना ने एक मंत्री का डांस बार को लेकर सबूत बाहर निकाला था, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। अब भी सातारा में ड्रग्स के कारखाना मामले को शिवसेना उपनेता सुषमा अंधारे ने सबूतों के साथ जनता के सामने लाया। इसके बाद भी मुख्यमंत्री मामले में हस्तक्षेप करने के लिए तैयार नहीं हैं। यह कहते हुए उद्धव ठाकरे ने फडणवीस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के बच्चे नशीले पदार्थों की गिरफ्त में जा रहे होंगे, तब भी आप उस मंत्री को क्या बचाएंगे। क्या अपने बच्चों की जिंदगी ऐसे लोगों के हाथों में देंगे। इस तरह का सवाल भी उद्धव ठाकरे ने किया।
