सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध के सुल्तानपुर जिले की अमहट जेल में बंद अमेठी के एक विचाराधीन बंदी के मौत खबर सामने आ रही है। जेल प्रशासन ने मौत की वजह हृदयाघात बताया है जबकि परिजनों ने आशंका जाहिर की है।
जेलर ओंकार पांडेय के अनुसार, दिवंगत शैलेंद्र सिंह २५ मार्च २०२५ से कारागार में निरुद्ध था। १६-१७ जनवरी की रात करीब सवा दो बजे सीने में दर्द व सांस लेने में दिक्कत की उसने शिकायत की। उसे जेल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान के बाद स्थानीय मेडिकल कालेज भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने भोर में करीब तीन बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के रिश्तेदार आशीष सिंह ने जेल।प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, धम्मौर के थानेदार ने घटना की जानकारी दी। जब हम अस्पताल पहुंचे तब बताया गया कि शैलेंद्र को मृत लाया गया और उसकी जेल में ही मौत हो चुकी थी।
आशीष ने बताया कि वह खुद महीने में कई बार शैलेंद्र से मिलने कारागार जाते थे, और उनकी पत्नी भी हफ्ते में दो दिन उससे मिलने जाती थीं। उन्होंने कहा कि शैलेंद्र को कोई बीमारी नहीं थी और वह पूरी तरह से स्वस्थ थे। पेशी पर आने पर भी शैलेंद्र हमेशा अपनी अच्छी सेहत की बात कहते थे।
शैलेंद्र करीब २० साल पुराने हत्या के प्रयास के एक मामले में कैद था और उसका मुकदमा अब भी विचाराधीन था। कोतवाली नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
