-श्रेयस का रैंप वॉक देख भड़के यूजर्स
मुंबई के फैशन शो में अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने रैंप को फैशन शो कम और मनोरंजन का मंच ज्यादा बना दिया! शोस्टॉपर बनकर पहुंचे श्रेयस ने रैंप वॉक के दौरान अचानक ‘पुष्पा’ वाला अंदाज दिखाया, फिर काल्पनिक गेंद फेंककर बॉलिंग भी करने लगे। उनका यह मस्तीभरा अंदाज देखकर दर्शक तो खुश हुए, लेकिन सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। असली ट्विस्ट तब आया, जब श्रेयस ने पहली कतार में बैठे फिल्म निर्माता सुभाष घई को देखा। वह उनके पास पहुंचे, झुककर गले मिले और उन्हें भी रैंप पर बुला लिया। दोनों ने साथ में शो का समापन किया। कुछ यूजर्स ने इसे शानदार अंदाज बताया, तो कुछ ने सवाल उठाया कि रैंप वॉक में ऐसी नौटंकी कितनी जायज है? वहीं, कई लोगों ने पेशेवर मॉडलों को मौका देने की नसीहत भी दे डाली।
