-ममता बनर्जी का रामलीला मैदान से हमला
ज्ञानेश कुमार पर वोटों की गिनती हाईजैक करने का आरोप; बोलीं, ‘वैनिश कुमार, आपका वैनिश होगा’, राजनीतिक लड़ाई जारी रखने का एलान
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को `इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘बंगाल में हम हारे नहीं, हमको हराया गया।’ ममता ने एलान किया कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी और राजनीतिक तरीके से जवाब देगी।
ममता बनर्जी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल एसआईआर का पीड़ित है। उनका आरोप था कि चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करके लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाया गया।
ममता ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर व्यंग्य करते हुए उन्हें ‘वैनिश कुमार’ कहा। उन्होंने मंच से तुकबंदी के अंदाज में कहा, ‘वैनिश-वैनिश यस पापा, वोट चोरी यस पापा, इलेक्शन चोरी यस पापा।’ उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूचियों से नाम गायब करने के साथ मतगणना की प्रक्रिया को केंद्रीय स्तर पर प्रभावित करने का आरोप भी लगाया।
‘भाजपा का साथ, सबका विनाश!’
भाजपा के राजनीतिक नारे पर कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अब लोग ‘भाजपा का साथ, सबका विनाश’ कह रहे हैं। उन्होंने रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी निष्पक्षता को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। ममता ने न्यायपालिका और मीडिया से भी लोकतंत्र की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को स्वीकार नहीं करेगा और संघर्ष जारी रखेगा। सभा में ममता ने ‘सेव इंडिया, सेव डेमोक्रेसी, भाजपा हटाओ’ का नारा भी दिया।
