मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : बिन फेरे हम तेरे

आउट ऑफ पवेलियन : बिन फेरे हम तेरे

अमिताभ श्रीवास्तव

बिन फेरे हम तेरे गीत पूरी तरह न्यूजीलैंड के शानदार खिलाड़ी केन विलियमसन पर खरा उतरता है। बिना शादी के पूरा परिवार है। इलाज के दौरान नर्स पर दिल आया और बस दोनों एक हो गए। एक होने के लिए शादी की भी क्या जरूरत। जी हां, केन विलियमसन की प्रेम कहानी किसी क्रिकेट स्टेडियम या इवेंट से नहीं, बल्कि अस्पताल से शुरू हुई। साल २०१५ में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा। उसी दौरान उनकी मुलाकात नर्स सारा रहीम से हुई। सारा उस समय अस्पताल में अपनी ड्यूटी निभा रही थीं और केन की देखभाल कर रही थीं। यही मुलाकात धीरे-धीरे बातचीत में बदली और फिर दोनों के बीच एक खास रिश्ता बन गया। मरीज और नर्स के रूप में शुरू हुई यह पहचान कब प्यार में बदल गई, किसी को पता ही नहीं चला। सारा रहीम पेशे से नर्स हैं। उनका जन्म साल १९९० में इंग्लैंड के ब्रिस्टल शहर में हुआ था। उन्होंने वहीं से पढ़ाई पूरी की। केन विलियमसन के साथ रिश्ते में आने के बाद वह न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गर्इं, लेकिन आज भी अपने प्रोफेशन से जुड़ी हुई हैं। वह कई बार केन के साथ क्रिकेट इवेंट्स में नजर आई हैं, लेकिन लाइमलाइट से दूरी बनाए रखती हैं। केन विलियमसन और सारा रहीम ने अभी तक शादी नहीं की है, लेकिन पिछले १० साल से ज्यादा समय से साथ हैं। साल २०२० में दोनों पहली बार माता-पिता बने और उनको एक बेटी हुई। इसके बाद २०२२ में बेटे का जन्म हुआ और २०२४ में उनके परिवार में दूसरी बेटी आई। तीन बच्चों के माता-पिता बनने के बावजूद यह कपल बेहद सादा और शांत जीवन जीता है।
सोशल मीडिया, यौन उत्पीड़न और स्टॉकिंग
सोशल मीडिया का दुरुपयोग कुछ ज्यादा ही है। अब देखिए न यह जब किसी स्टॉकिंग और यौन उत्पीड़न के लिए उपयोग किया जाए तो उस मानसिकता को क्या कहें? अपराध है। ऐसे ही अपराध करने वाले एक युवक की तलाश चल रही है। दरअसल, बंगलुरु में सोशल मीडिया के जरिए एक महिला फिटनेस और न्यूट्रिशन इन्फ्लुएंसर को स्टॉकिंग और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता मनीषा कुमारी ने अपने खिलाफ लगातार उत्पीड़न की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। मनीषा कुमारी हरियाणा की रहने वाली हैं, लेकिन पिछले १५ वर्षों से बंगलुरु में प्रâीलांस काम कर रही हैं। मार्च २०२५ से सुधीर कुमार कथित तौर पर उनका पीछा कर रहा था। १० मई २०२५ को आरोपी उनके परिवार के घर रेवाड़ी के डूंगरवास में पहुंचा और वहां उनके साथ गलत व्यवहार करने लगा। मनीषा ने उसे साफ तौर पर चेतावनी दी कि भविष्य में वह उन्हें या उनके परिवार को परेशान न करे, वरना वो पुलिस के पास चली जाएंगी। उसी दिन आरोपी ने व्हाट्सऐप पर अपमानजनक और धमकी भरे मैसेज भेजे। इसके बाद २४ अक्टूबर २०२५ से २० दिसंबर २०२५ के बीच आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अश्लील और यौन उत्तेजक मैसेज भेजना जारी रखा। मनीषा ने अकाउंट ब्लॉक किया, लेकिन आरोपी अलग-अलग अकाउंट्स से लगातार संदेश भेजता रहा। १२ जनवरी २०२६ को सुधीर कुमार बेंगलुरु के बनशंकरी थर्ड स्टेज स्थित एनएच२ जिम के पास पहुंच गया। वहां उसने पीड़िता के जिम सहयोगियों से उनके बारे में पूछताछ की। इस घटना के बाद मनीषा को मानसिक तनाव और डर का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब आरोपी की गतिविधियों की विस्तार से छानबीन की जा रही है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार