सामना संवाददाता / मुंबई
‘शिवसेना’ नाम के चार अक्षरों का मंत्र देकर करोड़ों दिलों में महाराष्ट्र अस्मिता और प्रखर हिंदुत्व की ज्वाला प्रज्वलित करने वाले हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष २३ जनवरी २०२६ से प्रारंभ हो रहा है। यह जन्मशताब्दी वर्ष समस्त महाराष्ट्र प्रेमियों के लिए एक उत्सव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिसकी शुरुआत मुंबई में एक भव्य समारोह से होगी। शिवसेना और मनसे ने यह समारोह षण्मुखानंद हॉल में आयोजित किया है। इस अवसर पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे उपस्थित रहेंगे। मुंबई सहित २९ मनपाओं के चुनाव परिणामों के बाद इस समारोह में ठाकरे बंधु क्या संदेश देते हैं, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी होंगी।
शिवतीर्थ पर उमड़ेगा जनसागर!
आगामी २३ जनवरी से शिवसेनाप्रमुख का जन्मशताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है। हर वर्ष शिवसेनाप्रमुख की जयंती पर शिवतीर्थ पर शिवसैनिकों और महाराष्ट्र प्रेमियों का विशाल जनसागर उमड़ता है। राज्य और देश के कोने-कोने से शिवसैनिक पहुंचकर उनके स्मृतिस्थल पर नमन करते हैं। चूंकि यह वर्ष जन्मशताब्दी का है, इसलिए २३ जनवरी को भीड़ और अधिक बढ़ने की संभावना है। मनपा द्वारा स्मृतिस्थल को विविध रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप में सजाया जा रहा है। जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर शिवसैनिकों और मनसैनिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का एक मंच पर आना, एक तरह से शिवसेनाप्रमुख के सपने के साकार होने जैसा माना जा रहा है। इसलिए यह समारोह सभी के लिए विशेष और ऐतिहासिक रहने वाला है।
