मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रयागराज में एयरक्राफ्ट विमान तालाब में गिरा ... पैराशूट की मदद से सुरक्षित...

प्रयागराज में एयरक्राफ्ट विमान तालाब में गिरा … पैराशूट की मदद से सुरक्षित कूदे पायलट, दलदल में फंसे पायलटों को साहसी युवाओं ने बचाया

राजेश सरकार
प्रयागराज। संगम तट पर चल रहे माघमेला से लगभग 5 किमी की दूरी पर बुधवार दोपहर में एक टू-सीटर माइक्रोलाइट विमान तकनीकी खराबी के कारण केपी कॉलेज के पीछे स्थित प्राचीन बड़े तालाब में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर लगभग 12:15 बजे के आसपास आसमान में विमान को अजीब तरह से लड़खड़ाते हुए देखा गया। अगले ही पल विमान से दो पैराशूट खुलते दिखाई दिए और दोनों पायलट विमान के गिरने से पहले ही हवा में तैरने लगे। विमान तालाब के बीचों-बीच जोरदार धमाके के साथ गिरा। देखते ही देखते भीड़ जमा होने लगी। तकनीकी खराबी के कारण हुए इस हादसे ने एक पल के लिए सबको दहला दिया, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों पायलट सुरक्षित तालाब से निकाले गए हैं।
चश्मदीदों ने बताया कि विमान लड़खड़ाने के बाद दो पैराशूट खुलते दिखाई दिए और दोनों पायलट विमान के गिरने से पहले ही हवा में तैरने लगे। पहले तो लगा की माघमेला में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पायलटों की ट्रेनिंग चल रही है लेकिन एयरक्राफ्ट जब तालाब में गिरा और जोरदार आवाज हुई तो समझ में आया कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।

तालाब के किनारे रेलवे पटरी पर खड़े लोगों ने देखा कि दोनों पायलट तालाब में सुरक्षित उतर गए हैं और हाथ से इशारे कर मदद मांग रहे हैं। क्योंकि तालाब में दलदल में फंसे हुए थे। यह देखते ही बिना देरी किए आसपास रहने वाले साहसी युवाओं ने तैरकर पायलटों तक पहुंच बनाई और उन्हें अपने कंधों पर बैठाकर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस उपायुक्त नगर के अनुसार दोनों पायलटों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल सेना की टीम एयरक्राफ्ट को तालाब से बाहर निकालने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। अभी तक एयरक्राफ्ट गिरने की वजह पता नहीं चली है। सेना की ओर से भी अधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है जिसके कारण यह पता नहीं चल सका कि यह एयरक्राफ्ट सेना का है या फिर प्राइवेट। एयरक्राफ्ट दुर्घटना के दौरान तालाब के आसपास लोगों की काफी भीड़ जम रही।

अन्य समाचार