मुख्यपृष्ठसमाचारझुंझुनू के नए पुलिस अधीक्षक होंगे कावेंद्र सिंह सागर

झुंझुनू के नए पुलिस अधीक्षक होंगे कावेंद्र सिंह सागर

सामना संवाददाता / झुंझुनू

राजस्थान सरकार ने गुरुवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में झुंझुनू जिले को नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिल गया है। पुलिस मुख्यालय सिविल राइट्स जयपुर में स्थानांतरणधीन आईपीएस कावेंद्र सिंह सागर को झुंझुनू जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। सिर्फ 6 दिन पहले झुंझुनू पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किए गए सुधीर जोशी का तबादला आदेश निरस्त कर दिया गया है। 2015 बैच के कावेंद्र सिंह सागर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। 15 अगस्त 1990 को जन्मे सागर ने बीए ऑनर्स के साथ एमआईबी (मास्टर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस) की शिक्षा प्राप्त की है। वे प्रदेश के कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कावेंद्र सिंह सागर एक अनुभवी आईपीएस अधिकारी माने जाते हैं। वे बीकानेर, बांसवाड़ा और कोटा ग्रामीण जिलों में एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा अलवर में एएसपी, असिस्टेंट कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर जैसे अहम पदों पर भी काम कर चुके हैं। प्रशासनिक समझ और फील्ड अनुभव के कारण उनकी पहचान एक तेज-तर्रार अधिकारी के रूप में होती है।
झुंझुनू जिले में एसपी की नियुक्ति को लेकर लगातार बदलते फैसलों ने एक अलग ही स्थिति पैदा कर दी है। इससे पहले भी दो बार ऐसा हो चुका है जब नियुक्त अधिकारी कार्यभार संभालने से पहले ही बदल दिए गए या जॉइन नहीं कर पाए। आईपीएस प्रहलाद कृष्णिया को झुंझुनू एसपी लगाया गया था, लेकिन उन्होंने जॉइन नहीं किया। लोकेश सोनवाल को भी नियुक्ति मिली लेकिन वे भी कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके। अब सुधीर जोशी का आदेश रद्द होने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है।

अन्य समाचार