मुंबई। जैन शासन की सेवा और तीर्थों के उत्थान के लिए समर्पित सेवाभावी व्यक्तित्व संजयभाई जीवनलाल शाह को श्री वर्धमान जंबूद्वीप ट्रस्ट तथा वर्धमान जैन पेढ़ी का ट्रस्टी नियुक्त किया गया है। इस गौरवपूर्ण नियुक्ति से जैन समाज में हर्ष और आनंद का माहौल है।
इस अवसर पर पन्यास प्रवर श्री अभयसागरजी महाराज साहेब के परम शिष्य रत्न, 108 फीट आदिनाथ दादा के प्रेरक, जंबूद्वीप, नागेश्वर, मांडवगढ़ और मणिभद्र तीर्थों के उद्धारक तथा मार्गदर्शक गुरुदेव पूज्य आचार्य भगवंत श्री अशोकसागरसूरीश्वरजी महाराज साहेब तथा कार्यदक्ष विनयी पूज्य आचार्य मुनि श्री सौम्यचंद्रसागरसूरीश्वरजी महाराज साहेब के पावन आशीर्वाद और प्रेरणा से सतीशभाई आर. शाह (ट्रस्टी) के करकमलों द्वारा श्री संजयभाई को ट्रस्टी पत्र प्रदान कर विधिवत नियुक्त किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर जैन समाज के अनेक अग्रणी और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इनमें श्री जैन धार्मिक शिक्षण संघ के संस्थापक अध्यक्ष जवाहरभाई मोतीचंद शाह, उपाध्यक्ष (महिला विभाग) अल्पा संजय शाह, परीन शाह, राजेन पारिख (डायमंड हॉल उपाध्यक्ष), जयंतीभाई शाह (उपाध्यक्ष, जैन पत्रकार संघ), प्रकाशभाई हेक्कड़ (सेक्रेटरी, भारत डायमंड बुर्स), समीर हेक्कड़, अमीष हेक्कड़, कल्पेशभाई हेक्कड़, प्रकाश मेहता और पीनल दोशी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
संजयभाई शाह के कुशल प्रशासन और दूरदर्शी मार्गदर्शन में जंबूद्वीप तीर्थ में यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इनमें 150 से अधिक सुविधायुक्त कमरों वाली आधुनिक धर्मशाला, साधु साध्वी भगवंतों और श्रावक श्राविकाओं की आराधना के लिए नवीन उपाश्रय तथा यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भोजनशाला जैसे भव्य प्रकल्प शामिल हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्यों ने संजयभाई जीवनलाल शाह को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और सफल कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साथ ही देव गुरु धर्म की कृपा से उनके मार्गदर्शन में जैन शासन की प्रभावना और तीर्थों का विकास निरंतर प्रगति करता रहे, ऐसी मंगलकामना व्यक्त की गई।
