पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक क्षेत्रों की उत्कृष्ट हस्तियां हुईं सम्मानित
मुंबई। पत्रकारिता क्षेत्र में आए बड़े बदलावों को लेकर साहित्यिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत की कई नामी हस्तियां एक मंच पर एकत्र हुईं। पत्रकार विकास फाउंडेशन की ओर से आयोजित वक्तव्य सम्मान समारोह और कवि सम्मेलन में सभी दिग्गजों ने बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त करते हुए युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और साहित्यकारों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित कवि सम्मेलन ने विशेष आकर्षण पैदा किया। इसमें एक से बढ़कर एक कवियों, शायरों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं, कविताओं और गजलों के माध्यम से श्रोताओं का मन मोह लिया। कविता प्रेमियों ने भी जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार, पत्रकार और लेखक मधुराज मधु ने की। प्रमुख अतिथियों की अनुपस्थिति में स्वागत अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी आर. एन. यादव ने भूमिका निभाई।
सम्मानित व्यक्तियों में प्रसिद्ध आरटीआई कार्यकर्ता और पत्रकार अनिल गलगली तथा हिंदुस्तान अखबार के मालिक सरफराज आरजू प्रमुख रूप से शामिल रहे। उन्होंने युवा पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता की दिशा और दशा में बड़ा परिवर्तन आया है। आज गली-मोहल्लों से निकलने वाली खबरें भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निष्पक्ष और कर्मठ पत्रकारों के कारण ही पत्रकारिता आज भी अपनी साख बनाए हुए है। वरिष्ठ पत्रकार नामदार राही ने भी युवा पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन अमर बहादुर पटेल और वरिष्ठ पत्रकार युसूफ राणा ने कुशलता से किया। विशेष रूप से सम्मानित हस्तियों में डॉ. शशि कला पटेल, कृष्णा श्रीवास्तव, अर्चना वर्मा सिंह और ऊषा अशोक शामिल रहीं, जिन्होंने अपनी रचनाओं, गीतों और गजलों से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने पत्रकार विकास फाउंडेशन और रहमत कमेटी द्वारा आयोजित इस आयोजन की सराहना की। मुख्य आयोजक पत्रकार यशपाल शर्मा और आरिफ खान को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
