मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई भूमिगत मेट्रो यात्रियों के लिए बनी आफत ...सेवा ठप, फिर भी...

मुंबई भूमिगत मेट्रो यात्रियों के लिए बनी आफत …सेवा ठप, फिर भी टिकट बिक्री जारी

-तकनीकी खराबी से पूरा दिन प्रभावित संचालन
द्रुप्ति झा / मुंबई
मुंबई की नव-उद्घाटित पहली भूमिगत मेट्रो-३ (एक्वा लाइन) में बार-बार आ रही तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक बार फिर मेट्रो लाइन-३ पर शुक्रवार सुबह यात्रियों को भारी असुविधा हुई, जब तकनीकी खराबी के कारण एक्वा लाइन की ट्रेन कफ परेड की ओर जाते समय बीच रास्ते में ही फंस गई, जिससे भूमिगत कॉरिडोर पर सेवाएं लगभग पूरे दिन ठप रहीं। सीएसएमटी सहित कई स्टेशनों पर यात्री फंसे रहे क्योंकि अधिकारियों की ओर से स्पष्ट सूचना दिए बिना मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में यात्रियों में निराशा फैल गई। मेट्रो अधिकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को सुबह अपलाइन और डाउनलाइन दोनों मार्गों पर ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।
सेवा ठप, फिर भी हो रही
घोषणा और टिकटों की बिक्री
हैरानी की बात यह रही कि एक तरफ जहां मेट्रो सेवा ठप थी, वहीं दूसरी तरफ प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने की घोषणा लगातार जारी रही। यात्रियों ने आरोप लगाया कि मेट्रो प्रशासन अपनी कमाई के चक्कर में खराबी के बावजूद टिकट काउंटरों पर टिकट बेचता रहा। जब सेवा प्रभावित होने के कारण यात्री वापस लौटने लगे, तो उन्हें एक नई मुसीबत का सामना करना पड़ा। यात्रियों की भारी भीड़ ने शिकायत की कि एक बार टिकट लेने के बाद मेट्रो न चलने पर उनके लिए उसी स्टेशन से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सिस्टम की खराबी के कारण एक बार टिकट स्वैâन करके अंदर जाने के बाद यात्री उसी टिकट पर तुरंत बाहर नहीं निकल पा रहे थे और स्टेशनों के अंदर ही फंसकर रह गए।

अन्य समाचार