राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर नैनी के अग्नि पीड़ित व्यापारी परिवार से मिलने पहुंचे कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने परिवार की मदद करते हुए उनको बिना ब्याज के 10 लाख रुपये ऋण और बच्चों की पढ़ाई में मदद करने का आश्वासन दिया है। बता दें कि प्रयागराज के नैनी बाजार में लिप्टन कॉलोनी के सामने वाली गली में रहने वाले व्यापारी संजीव केसरवानी के मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम में रखे हुए क्रोकरी के माल में भीषण आग लग गई थी। इस घटना में उनकी पत्नी अर्चना केसरवानी की मौत हो गई थी। घटना के दौरान पड़ोसियों ने जान पर खेल कर व्यापारी परिवार के 6 सदस्यों, जिनमें बच्चे शामिल थे सभी की जान बचाई थी। इस हादसे में उनका मकान जलकर नष्ट हो गया था। शुक्रवार को मंत्री नंदी पीड़ित परिवार से मिलने व्यापारी संजीव केसरवानी के चाचा के आवास आनंद नगर मोहल्ले में पहुंचे थे। जहां उन्होंने दिवंगत व्यापारी पत्नी अर्चना केसरवानी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंत्री व्यापारी के मकान में भी गए जहां उन्होंने आगजनी की घटना के बाद मकान की स्थिति भी देखी।
