मुख्यपृष्ठनए समाचारसायबर अपराधियों की नई करामात... आईआरसीटीसी के नाम पर लाखों रुपयों की...

सायबर अपराधियों की नई करामात… आईआरसीटीसी के नाम पर लाखों रुपयों की ठगी!

सामना संवाददाता / मुंबई

आरटीओ ई-चालान, महानगर गैस लिमिटेड और बैंकिंग ऐप्स से जुड़ी गलत एपीके फाइलें भेजकर फ्रॉड करने वाले सायबर क्रिमिनलों ने अब आईआरसीटीसी को अपना मोहरा बनाना शुरू कर दिया है। आनलाइन स्कैमर अब आईआरसीटीसी का नाम और ‘लोगो’ की आड़ में लाखों रुपए की ठगी कर रहे हैं। सायबर अपराधी बड़ी चालाकी से लोगों को आईआरसीटीसी के नाम पर ऐप डाउनलोड करने के लिए उकसाते हैं और उसी का इस्तेमाल करके वे लोगों के मोबाइल फोन को एक्सेस कर ठगी कर रहे हैं। मीरा रोड के रहने वाला ६८ साल का एक शख्स हाल ही में इस फ्रॉड का शिकार हुआ।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने ऑनलाइन रेलवे टिकट बुक करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके क्रेडिट कार्ड से पैसे तो कट गए, लेकिन टिकट बुक नहीं हुआ। रिफंड पाने के लिए पीड़ित ने ऑनलाइन सर्च किया और उसे गूगल पर आईआरसीटीसी का कस्टमर केयर नंबर मिला। पीड़ित ने उस नंबर पर कॉन्टैक्ट किया। कॉल उठाने वाले ने खुद को कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताया और पीड़ित को कटे हुए पैसे रिफंड दिलाने में मदद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्कैमर ने पीड़ित को आईआरसीटीसी के नाम और लोगो वाली एक एपीके फाइल भेजी और उससे कहा कि वह अपने फोन पर वह ऐप डाउनलोड और इंस्टॉल कर ले। कॉलर पर भरोसा करके, पीड़ित ने वह एपीके फाइल अपने फोन पर डाउनलोड और इंस्टॉल कर ली। इसके बाद स्कैमर को पीड़ित के फोन का एक्सेस मिल गया और जैसे ही स्कैमर को पीड़ित के बैंक अकाउंट की डिटेल्स मिले, वह वैसे ही ६.०७ लाख रुपए के फ्रॉड ट्रांजैक्शन करने में कामयाब हो गया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर-क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत की और मामले में केस दर्ज करवाया। जांच में पता चला कि पीड़ित ने जिस हेल्पलाइन पर कॉल किया था वह फर्जी था। पुलिस का कहना है इन दिनों सायबर अपराधी गूगल पर आईआरसीटीसी, अमेजॉन, आदि कंपनियों का फेक हेल्पलाइन नंबर डाले रहते हैं, जैसे ही कोई कंपनी से संपर्क करने के लिए उस नंबर पर कॉल करता है, वैसे ही वह उसके जाल में फंस जाता है।

अन्य समाचार

कामयाब

गजल