-२४ भारतीय नाविकों ने लगाई मदद की गुहार
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान के तट से करीब १५ समुद्री मील दूर एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमले में बड़ा धमाका हुआ है। पलाउ देश का झंडा लगे इस जहाज के इंजन रूम में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई और जहाज में पानी भरने लगा। देखते ही देखते जहाज की स्थिरता बिगड़ गई और डूबने का खतरा पैदा हो गया। नाविकों ने तुरंत मदद के लिए डिस्ट्रेस कॉल जारी किए। इस जहाज पर कम से कम २४ भारतीय नाविक सवार थे, इस बात की पुष्टि फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया ने की है।
इस घटना में कुछ क्रू मेंबर्स को नुकसान भी पहुंचा है। सूत्रों के मुताबिक, नाविकों ने बहुत तेजी से पानी भरने की सूचना दी। जहाज की लाइफबोट्स भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया है। यह घटना उस समय हुई है जब पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण क्षेत्रीय तनाव पहले से ही बहुत ज्यादा है। बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के तेल परिवहन का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां हाल के दिनों में कई जहाजों पर हमले हो चुके हैं।
विदेश मंत्रालय ने की अपील
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास लगातार हो रहे हमलों से वैश्विक समुद्री व्यापार प्रभावित हो रहा है। भारतीय नाविक दुनिया भर के जहाजों पर बड़ी संख्या में काम करते हैं। ऐसे में क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हमलों ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को गंभीर चुनौती बना दिया है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों और जहाज मालिकों से अपील की है कि वे क्षेत्र में यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें।
