-अटल सेतु से समुद्र में कूदा युवक…पुलिस का तलाश अभियान जारी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में दो समुद्री सेतु हैं। एक बांद्रा-वर्ली सी लिंक और दूसरा पूरब में अटल सेतु। लगता है ये दोनों सेतु सुसाइड स्पॉट बनते जा रहे हैं। बांद्रा-वर्ली सी लिंक तो इसके लिए बदनाम था ही, अब अटल सेतु से भी ऐसी एक खबर आ गई है। एक शख्स ने अटल सेतु के बीच में गाड़ी रोककर समुद्र में छलांग लग दी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बता दें कि घटना के बाद से लापता २८ वर्षीय युवक की तलाश के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां व्यापक खोज अभियान चला रही हैं। उलवे पुलिस थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक रासकर नामक युवक ने रविवार तड़के अटल सेतु पुल से समुद्र में छलांग लगा दी। इस संबंध में उलवे पुलिस थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतीक रासकर पुणे जिले के शिरूर तालुका का निवासी था और शेयर बाजार से संबंधित प्रशिक्षण कार्य से जुड़ा हुआ था। घटना से पहले उसने अपने परिवार को बताया था कि वह खाना खाने के लिए बाहर जा रहा है। इसके बाद उसने अपनी कार अटल सेतु पर खड़ी की और समुद्र में छलांग लगा दी।
तलाश और जांच जारी
इस घटना से युवक के परिवार में गहरी चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को प्रतीक रासकर के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल उलवे पुलिस थाने से संपर्क करें।
एक दर्जन आत्महत्याएं
बांद्रा-वर्ली सी लिंक से अभी तक एक दर्जन से ज्यादा आत्महत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष २०१७ तक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आत्महत्याओं की संख्या बढ़कर १२ तक पहुंच गई थी। इसके बाद भी २०२३, २०२४ और २०२५ में कई आत्महत्या और समुद्र में कूदने की घटनाएं सामने आर्इं।
