मुख्यपृष्ठअपराधहत्यारोपी भाई ने कबूला जुर्म : बहन को लेकर ताना मारने पर...

हत्यारोपी भाई ने कबूला जुर्म : बहन को लेकर ताना मारने पर ससुर को मौत की नींद सुलाया

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर घूरपुर पुलिस ने तिलकधारी भारतीय हत्याकांड के नामजद वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा (घन) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, थाना घूरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 205/2026, धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 352, 351(3) एवं 61(2) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त विशाल कुमार भारतीया पुत्र गंगा प्रसाद निवासी ग्राम चकिया डेरा करमा, घूरपुर, को मुखबिर की सूचना पर ग्राम सारंगापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक बड़ा हथौड़ा (आला कत्ल) भी बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है।
क्या थी घटना?
राहुल कुमार भारतीया पुत्र स्वर्गीय तिलकधारी भारतीया निवासी ग्राम चकिया डेरा करमा, थाना घूरपुर ने 1 जून 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते श्यामबाबू भारतीया एवं अन्य लोगों ने उनके पिता तिलकधारी भारतीया (52 वर्ष) की योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर थाना घूरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में अभियुक्त का खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त विशाल कुमार भारतीया ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन ने तिलकधारी के भतीजे शिवम के साथ प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर तिलकधारी अक्सर उसे अपमानित करते हुए ताने मारते थे। घटना से एक दिन पहले भी तिलकधारी ने उसे अपमानित किया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी आहत और परेशान था। अभियुक्त के अनुसार, 1 जून 2026 की रात तिलकधारी अपने घर के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान वह मौके पर पहुंचा और पीछे से हथौड़े से उनके सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद जब घर के अन्य सदस्य जाग गए और शोर मचाने लगे तो वह खेतों के रास्ते फरार हो गया। भागते समय उसने हत्या में प्रयुक्त हथौड़े को रास्ते में स्थित तालाब के पास फेंक दिया था, जिसे बाद में उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
वरिष्ठ उपनिरीक्षक भइयाराम विश्वकर्मा
मुख्य आरक्षी अखिलेश मिश्रा
मुख्य आरक्षी अबरार अहमद शामिल थे।

अन्य समाचार