मुख्यपृष्ठग्लैमरफिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का टीजर रिलीज, किस्मत और दिशा की दिलचस्प...

फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का टीजर रिलीज, किस्मत और दिशा की दिलचस्प खोज की झलक

सोम प्रकाश / मुंबई 

आने वाली फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ के निर्माताओं ने फिल्म का आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया है, जो दर्शकों को एक ऐसी दुनिया की पहली झलक दिखाता है, जहाँ दिशा, किस्मत और रोज़मर्रा की जिंदगी अप्रत्याशित तरीके से एक-दूसरे से जुड़ जाती हैं।
अपने मूल में ‘उत्तर दा पुत्तर’ आस्था और तर्क के बीच के नाज़ुक संतुलन को दर्शाती है। फिल्म यह संदेश देती है कि मान्यताएँ हमें मार्गदर्शन और संबल दे सकती हैं, लेकिन वास्तविक बदलाव आत्मविश्वास और सही कदम उठाने के साहस से आता है। यह फिल्म आगामी 24 जुलाई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
‘उत्तर दा पुत्तर’ का निर्माण प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले संदीप कपूर और प्रिया कपूर ने किया है। फिल्म की कहानी संदीप कपूर ने लिखी है, जबकि लेखन और निर्देशन की ज़िम्मेदारी रविंदर सिवाच ने संभाली है।
टीजर दर्शकों को फिल्म की दिलचस्प कहानी से परिचित कराता है, जो इस विश्वास पर आधारित है कि इंसान की किस्मत सिर्फ सही दिशा खोज लेने से बदल सकती है। हास्य, पारिवारिक रिश्तों और रहस्य के तत्वों से भरपूर यह कहानी संकेत देती है कि सही “उत्तर” की तलाश केवल भौगोलिक दिशा का सवाल नहीं रह जाती, बल्कि उससे कहीं अधिक बन जाती है।
फिल्म में अन्नू कपूर, रुखसार रहमान, बृजेन्द्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेन्द्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा जैसे दमदार कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। अनुभवी कलाकारों की यह टोली एक ऐसी कहानी लेकर आ रही है, जो दर्शकों को कुछ नया अनुभव कराएगी।
टीजर फिल्म के मुख्य विषय वास्तु और भाग्य के इर्द-गिर्द उत्सुकता पैदा करता है, वहीं इसका हल्का-फुल्का अंदाज़ फिल्म की अलग पहचान को भी सामने लाता है। “सर्च फॉर राइट डायरेक्शन बिगिंस…” टैगलाइन के साथ ‘उत्तर दा पुत्तर’ एक ऐसे सफर की शुरुआत का संकेत देती है, जो सरप्राइज़, हंसी और अप्रत्याशित मोड़ों से भरपूर है।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता संदीप कपूर ने कहा, “उत्तर दा पुत्तर एक ऐसी कहानी है, जो हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़ी हुई है। हम में से कई लोग कभी न कभी अपने जवाब खुद के भीतर ढूँढ़ने के बजाय बाहर तलाशते हैं, कभी दिशाओं में तो कभी संकेतों में। यह फिल्म उसी विचार को मनोरंजक अंदाज़ में पेश करती है, जिसमें हास्य भी है और भावनाएँ भी। टीज़र तो सिर्फ उस मज़ेदार और दिलचस्प दुनिया की एक झलक है, जो दर्शकों का इंतज़ार कर रही है।”
‘जुगाड़’, ‘अनारकली ऑफ आरा’ और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ‘भोंसले’ जैसी अलग और कंटेंट-प्रधान फिल्मों को प्रस्तुत कर चुके प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स, ‘उत्तर दा पुत्तर’ के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने एक अद्भुत कहानी लेकर आ रहे हैं।

अन्य समाचार