सामना संवाददाता / जौनपुर
जमदग्नि ऋषि की पावन धरा एक बार फिर श्रीराम कथा की अमृतवाणी से गुंजायमान होने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा व्यास पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज के मुखारविंद से आगामी 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक बीआरपी इंटर कॉलेज खेल मैदान, जौनपुर में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा से पूर्व विशाल कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
वर्ष 2023 में भी इसी मैदान पर सेवा भारती के नेतृत्व में धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज की कथा का भव्य आयोजन कराया गया था, जिसने अभूतपूर्व जनसमागम के साथ पूरे जनपद में विशेष पहचान बनाई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में श्री सिंह द्वारा इसी परिसर में अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पूज्य प्रेमभूषण महाराज की विशाल श्रीराम कथा आयोजित कराई गई थी।
अब फिर वही मैदान, वही आस्था और एक बार फिर पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज की अमृतमयी वाणी—इसे लेकर जनपद के श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का वातावरण है।
इसी क्रम में आज निज निवास कैलाशपति, गोधना, जौनपुर पर पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज के आगमन पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने सपरिवार उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। महादेव के प्रिय श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के शुभ अवसर पर पूज्य महाराज जी द्वारा आगामी कलश यात्रा एवं श्रीराम कथा के सफल, मंगलमय एवं जनकल्याणकारी आयोजन के लिए संकल्प-पूजन कराया गया।
ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा जनमानस को केवल भक्ति से नहीं जोड़ती, बल्कि संस्कार, मर्यादा, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि इस बार भी आयोजन को ऐसा भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास रहेगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर प्रांत कार्यवाह, काशी प्रांत मुरली पाल, विभाग अध्यक्ष सेवा भारती जौनपुर डॉ. तेज सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
