मुख्यपृष्ठटॉप समाचारशिवसेना के सभी सांसद एकजुट और निष्ठावान!..‘मातोश्री' में सांसदों की बैठक... उद्धव...

शिवसेना के सभी सांसद एकजुट और निष्ठावान!..‘मातोश्री’ में सांसदों की बैठक… उद्धव ठाकरे ने किया मार्गदर्शन

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना के सभी सांसद एकजुट हैं और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। ‘मातोश्री’ निवास पर कल आयोजित हुई बैठक में पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों ने प्रत्यक्ष रूप से अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने सांसदों का मार्गदर्शन किया और उनसे संवाद भी किया। यह बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
शिवसेना सांसदों की नियमित बैठकों के रूप में यह बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में शिवसेना नेता एवं युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे, शिवसेना नेता एवं सांसद संजय राऊत, शिवसेना नेता व सचिव विनायक राऊत तथा सचिव एवं विधायक मिलिंद नार्वेकर भी उपस्थित थे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सांसद
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद संजय राऊत ने उन सांसदों के बारे में जानकारी दी जो व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि ओमराजे निंबालकर के पुत्र का पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में इलाज चल रहा है, इसलिए उन्होंने वहीं से ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लिया। भाऊसाहेब वाकचौरे की पत्नी अस्वस्थ हैं, इसलिए वे शिर्डी से बैठक में ऑनलाइन जुड़े। नागेश पाटील-आष्टिकर के पुत्र हिंगोली-परभणी विधान परिषद चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए वे वहीं से शामिल हुए। वहीं यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख के घर में बेटी के विवाह की तैयारियां चल रही हैं, इसलिए उन्होंने भी घर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
अगले महीने भी होगी बैठक
संजय राऊत ने कहा कि यह पार्टी में संसदीय दल की नियमित बैठक थी। अगले महीने भी इसी प्रकार की बैठक आयोजित की जाएगी। जो सांसद व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके, वे अगले दो-तीन दिनों में ‘मातोश्री’ में पहुंचकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे।

अन्य समाचार