मुख्यपृष्ठसमाचारलखनऊ में धर्म परिवर्तन की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को...

लखनऊ में धर्म परिवर्तन की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाक के नीचे राजधानी लखनऊ में जमकर धर्मांतरण का खेल चल रहा है। धर्मांतरण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के भदेसुवा गांव स्थित एक चर्च में कथित संदिग्ध गतिविधियों को लेकर हंगामा हो गया। धर्मांतरण की सूचना पर बजरंग दल और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता चर्च पहुंच गए और वहां चल रही सभा का विरोध करते हुए कार्यक्रम रुकवा दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चर्च में बाहर से आए कुछ लोग ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने सभा का विरोध करते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी। चौकी प्रभारी अनूप सिंह के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, भदेसुवा गांव में करीब 15 वर्ष पहले चर्च का निर्माण हुआ था। आरोप है कि यहां ईसाई मिशनरियों की गतिविधियां संचालित होती रही हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि हरिश्चंद्र नाम का एक व्यक्ति धर्म परिवर्तन के बाद पादरी की वेशभूषा में लोगों को धार्मिक गतिविधियों में शामिल करता है। साथ ही आरोप लगाया गया कि भदेसुवा में चल रही गतिविधियां गनियार गांव स्थित एक बड़े चर्च की देखरेख में संचालित हो रही हैं।
रविवार को चर्च में कथित तौर पर चल रही चंगाई सभा की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यक्रम का विरोध करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

अन्य समाचार

मन