मुख्यपृष्ठअपराधभाजपा राज में गरीबी और भुखमरी का घिनौना सच...‘आज के बाद भूख...

भाजपा राज में गरीबी और भुखमरी का घिनौना सच…‘आज के बाद भूख नहीं लगेगी’!

-कहकर, महिला ने अपने चार बच्चों के साथ खा लिया जहर

फिरोज खान / मुंबई

भाजपा राज में देश का काफी बुरा हाल है। बेरोजगारी और महंगाई ने आम लोगों की कमर इस कदर तोड़ दी है कि वे तंगहाली से तंग आकर अपने ही बच्चों का कत्ल कर रहे हैं। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। नौकरी नहीं मिलने से परेशान युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। महिलाओं को कर्ज में डूबोकर ब्याज वसूली के नाम पर उनकी इज्जत लूटी जा रही है। ऐसे भयावह दौर के बावजूद सरकार आंखें मूंदकर बैठी हुई है। ताजा वाकये ने मुंबई ही नहीं पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। महिला ने अपने भूखे बच्चों को यह कहकर जहर दे दिया कि ‘आज के बाद भूख नहीं लगेगी’!
खारावली गांव की दर्दनाक घटना
रायगड जिले के मानगांव तालुका के खारावली गांव में रहने वाली २९ साल की महिला का पति बेरोजगारी के चलते शराबी बन चुका था। पति की बेकारी की वजह से चार बच्चों की परवरिश करना मुश्किल हो गया था। ऐसे में महिला ने ये खौफनाक कदम उठा लिया।
गरीबी से तंग आकर महिला ने खाया जहर!
घर में अनाज का एक दाना नहीं, कर्ज बढ़ता जा रहा था, बनिये ने भी कह दिया पैसे नहीं तो राशन नहीं। ऐसे में घर की बदहाली से एक महिला बुरी तरह टूट गई। बच्चे भूख से बिलख रहे थे, उससे वह देखा नहीं गया और यह कहते हुए दिलदहला देने वाला कदम उठा लिया कि ‘आज के बाद भूख नहीं लगेगी’! महिला ने अपने चार बच्चों को जहर मिला ड्रिंक दिया और फिर खुद भी पी लिया।
महिला और उसकी तीन बेटियों ने जहरीला पदार्थ पी लिया, जबकि उसके बेटे ने समय रहते उसे थूक दिया। यह घटना शनिवार सुबह ११ बजे से दोपहर के बीच हुई। सभी पांचों को मानगांव सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और उसकी दो बड़ी बेटियों की मौत हो गई। डॉक्टर सबसे छोटी बेटी का आईसीयू में इलाज कर रहे हैं, जबकि बेटा होश में है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने कहा कि वे जांच कर रहे हैं कि क्या लंबे समय से चल रहे घरेलू झगड़े इन मौतों के लिए जिम्मेदार तो नहीं हैं। जांच करने वालों के मुताबिक, महिला का पति बेरोजगार था। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार शाम को भी उनमें घर खर्च के पैसे को लेकर लड़ाई हुई थी। दूसरे दिन यानी शनिवार सुबह, महिला ने बच्चों को जहर दिया और खुद भी खा लिया।

अन्य समाचार