मुख्यपृष्ठनए समाचार४.५८ किमी लंबी सड़क रु. ५२ करोड़ की सलाह! ...दहिसर-भाईंदर कोस्टल रोड...

४.५८ किमी लंबी सड़क रु. ५२ करोड़ की सलाह! …दहिसर-भाईंदर कोस्टल रोड के नाम पर करोड़ों की कंसल्टेंसी

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा की दहिसर-भाईंदर कोस्टल रोड परियोजना एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह सड़क निर्माण नहीं, बल्कि सलाहकारों पर होने वाला भारी-भरकम खर्च है। महज ४.५८ किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कोस्टल रोड के लिए मनपा प्रशासन ५२ करोड़ ५० लाख रुपए केवल कंसल्टेंट पर खर्च करने जा रहा है। इस प्रस्ताव को लेकर स्थायी समिति में तीखी बहस और सवाल-जवाब होने के संकेत मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों मनपा में लगभग हर बड़े काम के लिए सलाहकार नियुक्त करने की परंपरा शुरू हो गई है। पार्षदों द्वारा बार-बार इस पर आपत्ति जताए जाने के बावजूद प्रशासन सलाहकारों की नियुक्ति पर लगातार करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है। अब दहिसर-भाईंदर कोस्टल रोड परियोजना के लिए दो सलाहकार कंपनियों की नियुक्ति का प्रस्ताव लाया गया है। प्रशासन के अनुसार, इन सलाहकारों को परियोजना के डिजाइन, नक्शे, संरचना की जांच, दैनिक निगरानी, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने जैसी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जब मनपा के पास खुद तकनीकी विभाग और इंजीनियरों की पूरी फौज मौजूद है, तब फिर करोड़ों रुपए खर्च कर बाहरी सलाहकारों की जरूरत क्यों पड़ रही है?
बता दें कि दहिसर पश्चिम लिंक रोड से लेकर मीरा-भाईंदर पश्चिम महानगरपालिका सीमा तक यह चार लेन वाला ४५ मीटर चौड़ा एलिवेटेड कोस्टल रोड बनाया जाएगा। कुल ४.५८ किलोमीटर लंबाई में से १.४५ किलोमीटर हिस्सा मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में, जबकि ३.१३ किलोमीटर हिस्सा मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र में आएगा।

अन्य समाचार