सामना संवाददाता / मुंबई
पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और जंग रोकने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की तैयारियों के बीच अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की एक ताजा और सनसनीखेज रिपोर्ट ने दुनियाभर में खलबली मचा दी है। खासकर दुनिया के शक्तिशाली देशों के बीच बेचैनी पैदा कर दी है। सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया विभाग की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान ने अब वह ताकत हासिल कर ली है कि वह जब चाहे तब दुनिया की आर्थिक लाइफलाइन यानी ‘होर्मुज समुद्री मार्ग’ को पूरी तरह बंद कर सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तेहरान के पास अब एक ऐसा हथियार है जो ‘किसी भी एटम बम से ज्यादा शक्तिशाली है।’ खुफिया जानकारी से पता चलता है कि हालिया संघर्ष के दौरान ईरान की गतिविधियों से यह साफ हो गया कि उसके पास रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस जलमार्ग को बंद करने का इरादा और क्षमता दोनों हैं। इस जलमार्ग से दुनियाभर में तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस का एक बड़ा हिस्सा निर्यात किया जाता है। सीएनएन के अनुसार, अमेरिकी खुफिया आकलन से वाकिफ एक सूत्र ने कहा, ‘हमने अब ईरान को इस समुद्री मार्ग पर व्यावहारिक नियंत्रण सौंप दिया है, जो किसी भी परमाणु हथियार से ज्यादा ताकतवर हथियार है।’ एक अमेरिकी सूत्र ने यहां तक कह दिया कि हमने इस होर्मुज समुद्री मार्ग का नियंत्रण अनौपचारिक रूप से ईरान को सौंप दिया है, जो दुनिया की अर्थव्यवस्था को कभी भी घुटनों पर ला सकता है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी चिंता का सबसे बड़ा कारण यह है कि हालिया युद्ध के बावजूद ईरान की सैन्य क्षमता में कोई कमी नहीं आई है बल्कि वह और मजबूत हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के पास मिसाइलों, ड्रोन्स और सैकड़ों हमलावर नावों का विशाल जखीरा सुरक्षित है, जो वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने या माइन्स बिछाने में सक्षम हैं।
