मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: चोरी और संपर्क प्रमुख

झांकी: चोरी और संपर्क प्रमुख

अजय भट्टाचार्य

राम मंदिर से चढ़ावा चोरी मामले में संघ के एक पदाधिकारी का नाम दबी जुबान से अयोध्या, कारसेवकपुरम और साकेत निलयम की आबो हवा में तैर रहा है। यह पदाधिकारी संघ का क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख (पूर्वी उत्तर प्रदेश) है। संपर्क प्रमुख ने अपने संपर्क वाले दायित्व का एकदम सही और सटीक इस्तेमाल किया। चढ़ावा चोरी में कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आ रही है और ५० की संख्या में कर्मचारी संदेह के दायरे में हैं। संपर्क प्रमुख ने पहले अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर चंदा राशि की गणना करने वालों में अपने जान-पहचान वालों की नियुक्त करवाई। इनमें एक बैंक का कर्मचारी भी इन लोगों के साथ इस काम में लगाया था। मजे की बात यह है कि संपर्क प्रमुख राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य नहीं हैं, लेकिन इनका संपर्क केंद्र अयोध्या है।
भाजपा विधायक नाराज
गुजरात के राजपीपला स्थित आंबेडकर हॉल में मोदी सरकार के १२ वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा जिले के नांदोड निर्वाचन क्षेत्र से विधायक दर्शना अचानक मंच छोड़कर चली गईं और उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि क्या यही हमारी पार्टी की व्यवस्था है? पार्टी के कार्यक्रम में क्या मुझे अपमानित करने के लिए बुलाया है? मैं इस क्षेत्र की निर्वाचित विधायक हूं। प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया, ऊपर से अपमान कर रहे हैं। इसके बाद वे महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सांकेतिक उपवास पर बैठ गईं। उन्होंने पद से इस्तीफा देने की धमकी भी दी है। आम आदमी पार्टी ने मौके को लपकते हुए विधायक दर्शना का समर्थन किया है। विधायक के अपमान को आदिवासी समाज का अपमान बताकर मुद्दा खड़ा कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह एक महिला, एक विधायक का अपमान नहीं, बल्कि प्रदेश के आदिवासियों का अपमान है, क्योंकि विधायक आदिवासी समाज की प्रतिनिधि हैं।
सर्वोच्च कांग्रेस कमेटी में बदलाव की आहट
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में जल्द ही बड़े-बड़े बदलाव की कवायद देखने को मिल सकती है। एक-दो दिन के बाद में सूचियां जारी होंगी। खबर है कि पांच से सात राष्ट्रीय महासचिवों की छुट्टी हो सकती है। आधे से ज्यादा राष्ट्रीय सचिव भी फेरबदल का शिकार हो सकते हैं। आधा दर्जन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष और सात राज्यों में प्रभारी भी बदले जाने की पूरी संभावना है। पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष और राजस्थान में सिर्फ प्रभारी बदला जाएगा।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार