मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे गुट और भाजपा में खींचतान जारी, निमंत्रण पत्रिका से मंत्री सरनाईक...

शिंदे गुट और भाजपा में खींचतान जारी, निमंत्रण पत्रिका से मंत्री सरनाईक का नाम गायब, क्रॉस फायर में पिसा मनपा प्रशासन! … राज शिष्टाचार भंग करने का आरोप

सुरेश गोलानी / भायंदर
महाराष्ट्र की सत्ता के दो घटक भारतीय जनता पार्टी और शिंदे गुट के बीच मीरा-भायंदर में चल रहा अंदरूनी विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। भाजपा और शिंदे गुट के बीच चल रहे ‘तू-तू, मैं-मैं’ और खींचतान के बीच मीरा-भायंदर महानगरपालिका प्रशासन और आयुक्त राधाबिनोद शर्मा पिसते हुए नजर आ रहे है। ताजा विवाद भायंदर स्थित क्रीड़ा संकुल (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) और सभागृह इमारत के १५ अप्रैल को सम्पन्न हुए उद्घाटन समारोह को लेकर है। इमारत का उद्घाटन भाजपा नेताओं के हाथों हुआ था।
गौरतलब है कि मनपा प्रशासन ने समारोह की निमंत्रण पत्रिका में शिंदे गुट के विधायक और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का नाम शामिल नहीं करके राजशिष्टाचार (प्रोटोकॉल) और लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन किया है। मंत्री द्वारा की गई शिकायत का संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े राजशिष्टाचार प्रकोष्ठ ने मामले की जांच करने के बाद पाया कि निमंत्रण पत्रिका के प्रारूप को अंतिम रूप देने के पहले निवासी उप जिलाधिकारी से जांच / निरीक्षण करवाए बिना ही प्रकाशित एवं वितरित किया गया। मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी डॉ. राजेश गवांदे ने १६ जून को नगर विकास विभाग के उप सचिव को लिखे अपने पत्र में स्पष्ट कर दिया है कि निमंत्रण पत्रिका तैयार करते समय राजशिष्टाचार मार्गदर्शक सूचनाओं का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते नगर विकास विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करना आवश्यक है।

सत्ता के नशे में चूर बीजेपी नेता
राजशिष्टाचार के अनुसार, निमंत्रण पत्रिका बनाते समय अतिथियों के क्रम, पद और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाता है। सामान्य प्रशासन विभाग की मार्गदर्शक सूचनाओं के आधार पर इसका प्रारूप निर्धारित होता है। आरोप है कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं के इशारे पर प्रशासन न सिर्फ मंत्री बल्कि मनपा में विरोधी पक्ष नेता को भी सार्वजनिक कार्यक्रमों से दरकिनार कर अपमानित करता आ रहा है।

अन्य समाचार