मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकार की बेरुखी ने बढ़ाया आक्रोश, मुंह में सुतली बम लेकर मंत्रालय...

सरकार की बेरुखी ने बढ़ाया आक्रोश, मुंह में सुतली बम लेकर मंत्रालय के पेड़ पर चढ़ा युवा!

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में किसानों की बदहाल स्थिति और कर्ज के बढ़ते बोझ के बीच गुरुवार को मंत्रालय के समीप एक चौंकानेवाली घटना सामने आई। कर्जमाफी की मांग को लेकर एक युवा किसान मंत्रालय के पास स्थित पेड़ पर चढ़ गया और मुंह में सुतली बम रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगा। किसान का यह जोखिम भरा आंदोलन सरकार की किसान नीति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लगातार इंकलाब जिंदाबाद और शेतकरी एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए राज्य सरकार से तत्काल कर्जमाफी की मांग कर रहा था। मंत्रालय के सामने हुए इस घटनाक्रम से कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। जानकारी के मुताबिक, युवक महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्र से मुंबई पहुंचा था। उसका आरोप था कि लगातार बढ़ते कर्ज, खेती की बढ़ती लागत और फसलों को उचित मूल्य न मिलने के कारण किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। किसान आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है। युवक का कहना था कि जब तक किसानों को कर्जमाफी और उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिलेगा, तब तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरेगी। उसने सभी पात्र किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी और कृषि समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने काफी देर तक समझा-बुझाकर युवक को शांत करने का प्रयास किया।

अन्य समाचार