मुख्यपृष्ठस्तंभनिवेश गुरु: मेडिक्लेम का आंकड़ा बड़ा है या आपकी आर्थिक सुरक्षा?

निवेश गुरु: मेडिक्लेम का आंकड़ा बड़ा है या आपकी आर्थिक सुरक्षा?

भरतकुमार सोलंकी / मुंबई

क्या आपने कभी गौर किया है कि जब कोई परिचित किसी बड़े निजी अस्पताल में भर्ती होता है, तो वहां मिलने जाने वाले लोगों की बातचीत का सबसे लोकप्रिय विषय क्या होता है बीमारी, इलाज या डॉक्टर नहीं, बल्कि अक्सर एक ही सवाल होता है-‘मेडिक्लेम कितना है?’
और यदि सामने वाला कह दे कि उसके पास एक करोड़ रुपए का हेल्थ कवर है, तो क्या आसपास बैठे लोगों के मन में एक क्षण के लिए यह विचार नहीं आता कि ‘काश, हमारे पास भी इतना बड़ा कवरेज होता’ लेकिन क्या कभी हमने यह भी सोचा कि बड़ा दिखने वाला कवरेज वास्तव में कितना उपयोगी है? सवाल यह नहीं है कि आपके पास दस लाख का मेडिक्लेम है या एक करोड़ का। असली सवाल यह है कि आवश्यकता पड़ने पर वह पॉलिसी कितनी आसानी से काम करेगी? क्या वह एक ही पॉलिसी है या कई कंपनियों में बंटी हुई अलग-अलग योजनाओं का जोड़ है। यदि गंभीर बीमारी के समय परिवार को अस्पताल, डॉक्टर और मरीज के बीच समय देना चाहिए, तो क्या उसे विभिन्न बीमा कंपनियों के क्लेम फॉर्म और दस्तावेजों के चक्कर लगाने चाहिए?
एक और महत्वपूर्ण सवाल है। यदि पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा नहीं हो तो इलाज का खर्च कौन उठाएगा क्या तब आपकी वर्षों की जमा पूंजी नहीं टूटेगी? क्या सोना, चांदी, ज्वेलरी, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड अथवा शेयरों में किया गया निवेश बेचने की नौबत नहीं आएगी? और यदि वह भी पर्याप्त न हो तो क्या कर्ज लेने की मजबूरी नहीं होगी? यही वह बिंदु है जिसे अधिकांश परिवार नजरअंदाज कर देते हैं। लोग घर खरीदने की योजना बनाते हैं, बच्चों की पढ़ाई के लिए बचत करते हैं, रिटायरमेंट फंड बनाते हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुरक्षा को अक्सर खर्च समझकर टाल देते हैं। जबकि सच तो यह है कि मेडिक्लेम कोई खर्च नहीं, बल्कि आपकी सम्पूर्ण संपत्ति की सुरक्षा का कवच है। कल्पना कीजिए कि किसी परिवार ने बीस वर्षों में धीरे-धीरे निवेश करके संपत्ति बनाई। कुछ सोना खरीदा, कुछ म्यूचुअल फंड जमा किए, थोड़ी बैंक बचत की। लेकिन एक गंभीर बीमारी आई और पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा नहीं था। तब क्या होगा वर्षों की मेहनत से बनाई गई पूंजी कुछ ही महीनों में समाप्त हो सकती है। क्या हम अपनी अगली पीढ़ी को संपत्ति देना चाहते हैं या इलाज के लिए लिया गया कर्ज? क्या हम अस्पताल के आलीशान कमरे का सपना देख रहे हैं या आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं? याद रखिए, अस्पताल के कमरे की चमक कुछ दिनों की होती है, लेकिन गलत वित्तीय योजना का बोझ वर्षों तक परिवार को झेलना पड़ सकता है। इसलिए मेडिक्लेम का मूल्य उसके बड़े आंकड़े में नहीं, बल्कि आपकी बनाई हुई सम्पत्ति और परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने की क्षमता में छिपा होता है। अंतत: सवाल केवल इतना है-यदि कल कोई बड़ी स्वास्थ्य आपात स्थिति आ जाए, तो क्या आपका मेडिक्लेम आपकी सम्पत्ति बचाएगा, या आपकी सम्पत्ति मेडिक्लेम की कमी की कीमत चुकाएगी? यह लेख पाठकों को यह समझाने का प्रयास करता है कि मेडिक्लेम का उद्देश्य अस्पताल का महंगा कमरा नहीं, बल्कि परिवार की वेल्थ और अगली पीढ़ी को कर्ज से बचाना है।
(लेखक आर्थिक निवेश मामलों के विशेषज्ञ हैं)

अन्य समाचार