कास्टिंग काउच और घिनौनी घटनाओं की जब बात आती है तो ये सिर्फ हिंदी फिल्म नहीं बल्कि हर इंडस्ट्री में होता है। इस वक्त एक मशहूर अमेरिकी अभिनेत्री-गायिका हेडेन पैनेटियर का दर्द सामने आया है और ये काफी हिला देने वाला है। ३६ साल की हेडेन पैनेटियर ने खुलासा किया कि कैसे १८ साल की उम्र में उनके साथ जबरदस्ती की गई थी और एक अधेड़ सेलेब्रिटी के सामने ले जाया गया था। ऐसा करने वाली कोई और नहीं बल्कि उनकी दोस्त ही थी। उसके बाद जो भी कमरे में हुआ वो हैरान करने वाला था। हेडेन पैनेटियर इस वक्त किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं लेकिन उस वक्त वो इंड्स्ट्री में नई थीं और काम खोजने की कोशिश कर रही थीं। अभिनेत्री के खुलासों से लोग हैरान हैं कि क्या हर इंडस्ट्री में इस तरह का घिनौना काम करने के लिए नई हीरोइनों को फोर्स किया जाता है? अमेरिकी अभिनेत्री-गायिका हेडेन पैनेटियर का कहना है कि, १८ साल की उम्र में उनको नाव में बिठाकर एक जगह ले जाया गया था। ये उनकी बेस्ट फ्रेंड ने किया था जिसपर वो सबसे ज्यादा यकीन करती थीं। इस दौरान अभिनेत्री ‘ऑन पर्पस विद जे शेट्टी’ पर अपनी बातें बता रही थीं। हेडेन पैनेटियर ने कहा, दोस्त के द्वारा नाव में बिठाकर उनको एक कमरे में ले जाया गया जो कि नाव में ही था। इस दौरान वहां बिस्तर पर एक अधेड़ मशहूर इंसान बिना कपड़ों के लेटा था। मुझे जबरदस्ती उस शख्स के साथ बिस्तर पर लेटने के लिए कहा जा रहा था। अभिनेत्री को उस शख्स के साथ यौन क्रियाएं करने के लिए कहा गया, लेकिन वो इसके लिए तैयार नहीं हुई। किसी भी तरह वो वहां से बच निकली। तो यह कहना गलत नहीं होगा कि कास्टिंग काउच का दर्द हर जगह बिखरा हुआ है।
तलाक चाहिए पर बच्चा भी
ये अपने आप में अलग एक दिलचस्प मामला है। दस साल की शादी के बाद हाल ही में तलाक के लिए अर्जी दाखिल करने के बावजूद मॉडल, अभिनेत्री व अब इंफ्लुएंसर बन्नी एक्सो अपने पति जेली रोल के साथ बच्चा पैदा करने की योजना बना रही हैं। इस इंफ्लुएंसर ने अपने ‘डंब ब्लॉन्ड’ पॉडकास्ट पर यह भावुक खबर साझा करते हुए कहा कि वह ‘सेव मी’ गाने के हिटमेकर जेली के साथ मातृत्व की ओर अपनी यात्रा को ‘रोकने वाली नहीं हैं’। बन्नी ने भावुक होकर कहा कि जेली रोल इस मामले में अभी भी साथ में हैं और बच्चा पैदा करने की मेरी इच्छा को लेकर वह भी तैयार हैं। हम नन्हें नगेट को एक बड़े खुशहाल परिवार की तरह पालेंगे। बन्नी के इस इंटरव्यू ने एक नई बहस को भी जन्म दिया कि क्या ऐसा करना होने वाले नवजात के भविष्य के लिए ठीक रहेगा? लोगों में चर्चा है कि यह दोनों की सहमति है और वे दोनों ही इसका ख्याल रखेंगे। कानून भी संभव है ऐसी किसी घटना पर मां- बाप को ही अधिकार दे। मगर एक तबका ऐसा है जो कहता है कि इस तरह की सोच ही गलत है। यह जन्म लेने वाले बच्चे के भविष्य के लिए सुखद नहीं समझा जा सकता। जो हो पर पश्चिमी देशो की मानसिकता का भी कोई छोर नहीं है।
-सीमा श्रीवास्तव
