-२ नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू…महिला एजेंट को किया गया गिरफ्तार
द्रुप्ति झा / मुंबई
नई मुंबई के उल्वे सेक्टर १९ स्थित ‘ला रेजिडेंस’ में चल रहे एक कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को इस दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक महिला एजेंट मुख्य रूप से इस रैकेट को संचालित कर रही थी। वह नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर या मजबूर करके इस अवैध धंधे में धकेलती थी। यौन शोषण के लिए वह ग्राहकों से प्रति नाबालिग लड़की २०,००० रुपए की मोटी रकम वसूलती थी।
उल्वे पुलिस स्टेशन की टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ‘ला रेजिडेंस’ में छापेमारी की गई। इस सफल ऑपरेशन में,१३ वर्ष और १७ वर्ष की दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
रैकेट चलानेवाली मुख्य महिला एजेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता और पीड़ितों के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो और अन्य कड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, मामले में बचाई गई लड़कियों को सुधार गृह भेज दिया गया है और गिरफ्तार महिला एजेंट से पूछताछ जारी है।
