-गृह क्षेत्र नासिक लौटे सांसद वाजे
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ के लालच में न आकर शिवसेना के प्रति अपनी निष्ठा साबित करनेवाले सांसद राजाभाऊ वाजे का नासिक में जमकर स्वागत किया गया। उनके गृहक्षेत्र में शिवसैनिकों ने जमकर उनका सत्कार किया। यहां राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब राजाभाऊ वाजे अपने निवास स्थान पहुंचे।
घर पहुंचते ही उन्होंने अपने पिता प्रकाश वाजे का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। बेटे की निष्ठा और राजनीतिक दबाव के बीच उसके फैसले पर गर्व जताते हुए पिता ने उनकी पीठ थपथपाई और गले लगा लिया। इस दौरान वाजे ने बताया कि उन्हें शिवसेना से गद्दारी के लिए सैकड़ों करोड़ का ऑफर मिला था। उन्हें स्पष्ट कहा गया कि तुम्हें हजारों करोड़ का फंड दिया जाएगा और उसके अतिरिक्त नकदी १५० करोड़ रुपए दिए जाएंगे। लेकिन वाजे ने उस ऑफर को ठुकराते हुए शिवसेना में बने रहने का फैसला लिया। उनकी इस निष्ठा के चलते शिवसैनिकों ने उनका जमकर स्वागत किया। नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। ढोल-ताशों और नारों के बीच सांसद का भव्य अभिनंदन किया गया। समर्थकों ने उन्हें पार्टी के प्रति निष्ठावान नेता बताते हुए स्वागत समारोह को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
पिता से मिलते ही भावुक हुए सांसद वाजे
पिता के इस स्नेह और आशीर्वाद से राजाभाऊ वाजे भावुक हो गए। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक दबाव और लगातार चल रही अटकलों के बीच यह पारिवारिक मुलाकात उनके लिए बेहद भावनात्मक रही। पिता के गले लगते ही उनकी आंखें नम हो गईं और वे अपने आंसू नहीं रोक सके। वाजे पिता-पुत्र के इस भावुक मिलन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक इसे राजनीतिक निष्ठा, पारिवारिक संस्कार और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बता रहे हैं।
