मुख्यपृष्ठसमाचारऊपर बारिश नीचे मौत!

ऊपर बारिश नीचे मौत!

-मुंबई को ४८ घंटे का ऑरेंज अलर्ट

-खुले मैनहोल पर हाई कोर्ट की फटकार

सामना संवाददाता / मुंबई

महानगर पर अगले ४८ घंटे मौसम के लिहाज से भारी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर कोंकण में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और कमजोर पेड़ों अथवा जर्जर इमारतों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पूर्वी उपनगरों में सोमवार रात करीब तीन घंटे तक हुई अत्यंत तेज बारिश ने महानगर की मानसून तैयारियों की पोल खोल दी। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने रात में ही ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी थी। इसी बीच, मुंबई की सड़कों पर खुले मैनहोल, गड्ढों और असुरक्षित नालों को लेकर मुंबई हाई कोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने कहा कि खराब सड़कों और खुले मैनहोल की समस्या दो दशक से चली आ रही है, लेकिन नागरिक निकाय अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है। कोर्ट ने अधिकारियों से पूछा कि हर मानसून में नागरिकों को जान जोखिम में डालकर क्यों चलना पड़ता है।
अदालत ने मनपा से शहर के गड्ढों, खुले मैनहोल और लगाए गए सुरक्षा कवच का पूरा ब्योरा प्रस्तुत करने को कहा है। कोर्ट पहले भी मैनहोल पर सुरक्षात्मक जालियां लगाने और दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद कई स्थानों पर खुले मैनहोल और ढक्कनविहीन नाले दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में किंग सर्किल के जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण करते समय एक मनपा कर्मचारी स्वयं खुले नाले में गिर गया था। इस घटना ने महानगर की जलनिकासी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले रास्तों पर न जाने और खुले मैनहोल अथवा नालों की सूचना तत्काल मनपा को देने की अपील की है।
अगले ४८ घंटे भारी
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और उत्तर कोंकण के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाएं, बिजली गिरने, जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है। नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

अन्य समाचार