मुख्यपृष्ठसमाचारशिवसेना का प्रशासन पर हमला ‘सफाई मित्र' ऐप हुआ फेल!

शिवसेना का प्रशासन पर हमला ‘सफाई मित्र’ ऐप हुआ फेल!

साढ़े तीन महीने में सिर्फ ७१४ शिकायतें

राधेश्याम सिंह / वसई

वसई-विरार शहर महानगरपालिका के ‘सफाई मित्र’ ऐप को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। शिवसेना के नालासोपारा विधानसभा संगठक प्रमुख सुरेंद्र सिंह राज ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए खर्च कर ऐप लॉन्च करने के बावजूद शहर में गंदगी की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि साढ़े तीन महीने में महज ७१४ शिकायतें दर्ज होना इस बात का प्रमाण है कि महानगरपालिका नागरिकों तक इस व्यवस्था को पहुंचाने में पूरी तरह विफल रही है।
सुरेंद्र सिंह राज ने कहा कि केवल डिजिटल ऐप शुरू कर देना समस्या का समाधान नहीं है। जब तक हर वार्ड में व्यापक जनजागरूकता अभियान नहीं चलाया जाएगा और लोगों को ऐप के उपयोग की जानकारी नहीं दी जाएगी, तब तक ऐसी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के अनेक इलाकों में आज भी कचरे के ढेर लगे हैं, जो महानगरपालिका के दावों की पोल खोल रहे हैं।
महानगरपालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग के अनुसार, ऐप के माध्यम से नागरिक गंदगी की तस्वीर अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं और २४ घंटे में कार्रवाई का दावा किया गया था।

अन्य समाचार