पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, नकदी, हथियार और वाहन बरामद
उमेश गुप्ता / वाराणसी
चेतगंज थाना क्षेत्र में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए ले जाए जा रहे पांच लाख रुपए की लूट का वाराणसी पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की। इस दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आशीष मौर्य को भी दबोच लिया गया। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर कुल आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
लूट की रकम, हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के पूरे पांच लाख रुपये, एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और रामनगर क्षेत्र से उनकी गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस ने इस मामले में आकाश सेठ, आशीष मौर्य, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार और जावेद अख्तर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
लूटकांड के सफल खुलासे पर काशी जोन के पुलिस उपायुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
